संभल: GST सर्वे के खिलाफ व्यापारियों का विरोध-प्रदर्शन, SDM को सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। जनपद में जीएसटी टीम की छापेमारी से परेशान व्यापारियों के कई संगठनों के सदस्यों ने प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कार्रवाई को रोकने के लिए शासन को भी पत्र लिखा। हालांकि शासन की ओर से कार्रवाई रोकने पर व्यापारी खुश नजर आए।

सोमवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ,उत्तर प्रदेश उद्योग प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारी मोहल्ला ठेर में एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम विनय कुमार मिश्रा को सौंपा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जीएसटी टीमों की कार्रवाई से व्यापारी सहमे हुए हैं। जीएसटी विभाग के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ प्रतिष्ठानों पर छापे मार रहे हैं। जिससे उनका उत्पीड़न हो रहा है। जीएसटी विभाग के अधिकारियों को उचित निर्देश देकर छापों पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में हरिओम गंभीर, अवधेश वार्ष्णेय, अनंत अग्रवाल, अनिल सागर, सत्यप्रकाश गुप्ता, अभिषेक चतुर्वेदी, गुलशन गंभीर, पिंटू, अनूप रस्तोगी, गंगा रस्तोगी, हरीश अग्रवाल, शामिल रहे।  

 सराय तरीन में जिले में उद्योग व्यापार मंडल के सदस्यों ने बैठक की। इसमें सरायतरीन और हयातनगर के व्यापार मंडल के महामंत्री नीरज के आवास पर व्यापारी एकत्र हुए। उन्होंने जीएसटी विभाग की छापेमारी को लेकर नाराजगी जताई। व्यापारी नेता नीरज बजाज ने कहा कि किसी भी हाल में व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम अपनी नाराजगी बाजार बंद कर जताएंगे और सारा बाजार बंद कर देंगे। इस दौरान कमल कौशल, सुमित कुमार, संजीव कुमार, विष्णु कुमार, अभिषेक अग्रवाल, मनोज अग्रवाल आदि रहे।

दुकानदारों में मचा हड़कंप
मढ़न- जीएसटी टीम के आने की सूचना मिलने पर दुकानदार दुकानों के बंद कर घर चले गए। इससे ग्राहक परेशान रहे। हालांकि रोक लगने के बाद जीएसटी टीन कार्रवाई करने नहीं पहुंची।

गांव मढन से भैसोड़ा तक करीब एक दर्जन से अधिक दुकानें हैं। सोमवार को जैसे ही दुकानदारों को छापेमारी करने के लिए जीएसटी टीम के आने की सूचना मिली तो हड़कंप मच गया। खाद बीज भंडार, कपड़ा, किराना स्टोर, लोहा आदि विक्रेताओं ने अपनी दुकानों को बंद कर दिया। लेकिन दुकानदारों ने शाम तक अपनी दुकानों बंद रखीं।

संबंधित समाचार