कानपुर में उत्तर इकाई के अध्यक्ष सुनील बजाज बोले- महापौर पद पर फिर होगी भाजपा की जीत

Amrit Vichar Network
Published By Kanpur Digital
On

कानपुर में उत्तर इकाई के अध्यक्ष सुनील बजाज अमृत विचार कार्यालय पहुंचे।

कानपुर में उत्तर इकाई के अध्यक्ष सुनील बजाज अमृत विचार कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने संपादकीय प्रभारी से बात कर महापौर पद पर फिर से भाजपा की जीत होने की बात कहीं है।

कानपुर, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। भाजपा, बसपा, कांग्रेस, सपा आदि दलों में उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन चल रहा है। दावेदारों के चाल, चरित्र और चेहरे को परखा जा रहा है। नगर निगम के महापौर पद पर चौथी बार जीत के लिए भाजपा कितनी तैयार है इस मुद्दे पर पार्टी के उत्तर इकाई के अध्यक्ष सुनील बजाज से अमृत विचार के संपादकीय प्रभारी ने बात की। उन्होंने चौथी बार पूर्ण बहुमत से नगर निगम में सरकार बनाने का दावा किया। पेश है बातचीत के अंश…

किन मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में जाएंगे ?

- हमारा मुद्दा विकास है। महापौर प्रमिला पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबका साथ सबका विकास नारे को ही मूलमंत्र बनाया और उसी के अनुरूप काम किया। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया। खूब विकास हुआ और जो बचा है उसे हम पूरा कराएंगे। इस बार भी हम पूर्ण बहुमत के साथ चुनाव जीतेंगे। लगातार चौथी बार महापौर भाजपा का होगा।

शहर जाम से जूझ रहा है और अतिक्रमण की स्थित जस की तस है और आप कहते हैं विकास हुआ है ?

- बोट क्लब, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट शहरवासियों को हमारी सरकार ने दिया है। पेयजल आपूर्ति का काम हो या फिर घर- घर कूड़ा उठाने का हर काम पूरी शिद्दत के साथ किया गया। रही बात अतिक्रमण की तो उसे भी हटाया गया। जाम की समस्या के समाधान के लिए ही भी खूब काम हुए हैं। अभी जो काम होने हैं उन्हें भी हमारी सरकार समय से कराएगी। हमारे महापौर विकास करते हैं तभी हम लगातार तीन बार जीते और कार्यकर्ताओं की मेहनत और महापौर व सरकार के काम के दम पर हम फिर जीतेंगे।

विधानसभा चुनाव के समय एलीवेटेड रोड बनाने के दावे किए थे हुआ कुछ नहीं ?

- देखिए हमारी पार्टी और सरकार झूठे वादे नहीं करती। वीआईपी रोड, स्टॉक एक्सचेंज चौराहा से परेड होते हुए घंटाघर और चेतना चौराहा से मेस्टन रोड होते हुए लाटूश रोड तक एलीवेटेड रोड का प्रोजेक्ट बना था। ये प्रोजेक्ट मूर्त रूप लेंगे। हमारी महापौर, सांसद और विधायक लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं।

विरोधियों का दावा है कि नगर निगम में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है ?

- विरोधियों के पास अब कोई काम नहीं बचा है। खाली बैठे हैं तो आरोप लगाएंगे ही। जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया गया है। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान हो या पार्कों के सुंदरीकरण का। पानी की आपूर्ति के लिए पेयजल लाइनें बिछाने और सीवर लाइनों का डालने का काम भी युद्धस्तर पर किया गया है। कहीं कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है।

भाजपा में महापौर पद के लिए दावेदारों की लंबी सूची है और अंतरकलह भी शुरू हो गई है ?

- कौन कह रहा है कि भाजपा में अंतरकलह है। हमारी पार्टी एकजुट है। हम हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहते हैं। टिकट मांगने का अधिकार सभी को है। जिसे पार्टी टिकट देगी उसे प्रत्येक दावेदार और कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़वाएंगे और जिताएंगे भी।

दूसरे दलों के कुछ नेता महापौर पद के लिए भाजपा से टिकट मांग रहे हैं ?

- अब सपा, बसपा और कांग्रेस का कोई अस्तित्व नहीं बचा है। ऐसे में इन दलों के नेता यदि हमारी पार्टी के संपर्क में हैं तो गलत क्या है। यह तो पार्टी नेतृत्व को तय करना है कि किसे टिकट दिया जाएगा। वैसे भी पार्टी ईमानदार, स्वच्छ छवि के लोगों को ही शामिल करती है।

क्या भाजपा महापौर के काम के आधार पर वोट मांगेगी ?

- क्यों नहीं ! महापौर ने काम किया है। हम उनकी उपलब्धियों को गिनाएंगे। सरकार के कार्यों को बताएंगे। हमारे सांसदों और विधायकों ने जो काम किया है उसे बताने में हर्ज क्या है। कानपुर में आज मेगा लेदर क्लस्टर बसने जा रहा है। एयरपोर्ट बनकर लगभग तैयार है। पनकी में दो और जयपुरिया क्रासिंग पर ओवरब्रिज बन रहे हैं। शुक्लागंज और सरसैया घाट पर भी पुल बनेगा। इसकी कार्ययोजना बनाई जा रही है। बिजनेस सिटी भी जाजमऊ के पास बसने जा रही है। रिंग  रोड बन रही है।

संबंधित समाचार