जमानत याचिका खारिज, राजा पटेरिया को भेजा गया पवई जेल, भावुक होकर कही ये बात
पन्ना। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया की आज पन्ना जिले की एक अदालत द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। पटेरिया को आज सुबह पन्ना पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद भारी गहमागहमी के बीच पवई न्यायालय में पेश किया गया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) पवई न्यायालय ने जमानत याचिका खारिज करते हुए पटेरिया को 26 दिसंबर तक के लिए जेल भेज दिया। जेल जाने के पूर्व राजा पटेरिया ने दावा किया कि विचारधारा की उनकी लड़ाई जारी रहेगी। इसी बीच राजा पटेरिया के वकील गोविंद नारायण बघेल ने कहा कि उनके मुवक्किल की जमानत के लिए एडीजे कोर्ट में अपील की जाएगी।
पटेरिया का दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच प्र्र्रधानमंत्री मोदी के बारे में उकसावे वाले शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने उनके खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए थे। पन्ना पुलिस ने आज सुबह पटेरिया को दमोह जिले के हटा से गिरफ्तार कर लिया था।
ये भी पढ़ें- बिहार विधानसभा में राष्ट्रगान के दौरान बैठे रहे कांग्रेस विधायक रहमान, भाजपा ने बोला हमला
