Kanpur नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन बोले- स्मार्ट सिटी के 50 फीसदी लक्ष्य को हम कर चुके हैं पूरा
कानपुर में नगर आयुक्त ने अमृत विचार को गिनाई उपलब्धियां।
कानपुर में नगर आयुक्त शिव शरणप्णा जीएन ने अमृत विचार को दिए साक्षात्कार में उपलब्धियां गिनाई है। साथ ही कहा कि स्मार्ट सिटी के 50 फीसदी लक्ष्य को हम पूरा कर चुके हैं। साथ ही खुले कूड़े-अड्डों को पूरी तरह से खत्म करने को प्राथमिकता बताया है।
कानपुर, अमृत विचार। निकाय चुनाव को लेकर जो जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई है उसकी तैयारी की जा रही है। मुख्यालय में कमरों को निर्धारण कर लिया गया है, जो भी आगे शासन के दिशा निर्देश होंगे उसको पूरा किया जायेगा। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 50 फीसदी के लक्ष्य को पूरा कर लिया है। कई विकास कार्य अभी चल रहे हैं। शहर को स्वच्छता रैकिंग में ऊपर पायदान पर लाने के लिये पूरे प्रयास किये जा रहे हैं। यह बातें मंगलवार को नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन ने अमृत विचार के संवाददाता अभिषेक वर्मा से कही। पेश है साक्षात्कार….
- स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे विकास कार्य किस स्थिति में है।
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 50 फीसदी लक्ष्य को हमने पूरा कर लिया है। कई विकास कार्य अभी किये जा रहे हैं। पहली बार हमने स्मार्ट सिटी के तहत मैनहोल साफ करने वाला रोबोट खरीदा है। कंट्रोल एंड कमांड सेंटर, स्मार्ट सिटी ऑफिस, पालिका स्टेडियम में इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार हो गया। नानाराव पार्क का सुंदरीकरण, आनंदेश्वर मंदिर कॉरीडोर का कार्य अभी चल रहा है। जो बचे कार्य हैं वह भी जल्द पूरे कर लिये जायेंगे। कानपुर स्मार्ट सिटी 2.0 की अभी जानकारी नहीं है।
- नगर निकाय चुनाव को लेकर नगर निगम की क्या तैयारी है।
नगर निकाय चुनाव जिला प्रशासन करा रहा है। नगर निगम को जो जिम्मेदारी दी जा रही है उसका क्रियांन्वयन किया जा रहा है। मुख्यालय में कमरों का निर्धारण कर लिया गया है। जहां प्रत्याशी आपत्तियां दे सकेंगे। शासन की ओर से जो दिशा निर्देश प्राप्त होंगे आगे कार्य किया जायेगा।
- शहर के विकास के लिये नगर निगम कोई नई योजना बना रहा है।
कानपुर के समग्र विकास के लिये समय-समय पर अधिकारियों के साथ मिलकर योजनायें बनाई जाती हैं और उनको जमीन पर क्रियान्वित किया जाता है। स्मार्ट सिटी के तहत कई कार्य चल रहे हैं। भविष्य में भी नई कार्य योजनायें तैयार कर पूरा किया जायेगा। सोसायटी क्षेत्रों में भी आज सड़कें बनी हुई हैं। मूलभूत जो सुविधाएं चाहिये वह कार्य किये जा रहे हैं।
- गंदगी से लोग परेशान हैं, कूड़ा निस्तारण के लिये निगम क्या कर रहा है।
शहर को स्वच्छता रैकिंग में पहले पायदान पर लाने के लिये पूरे प्रयास किये जा रहे हैं। पिछले दिनों शहर में 258 खुले कूड़ाघरों को पूरी तरह से खत्म किया गया है। कूड़े के निस्तारण के लिये कांपैक्टर ट्रक से भौंती कूड़ा पनकी प्लांट में भेजा जा रहा है, जिससे ज्यादा से ज्यादा कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। कूड़े से जरूरी चीजों को भी बनाया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के तहत घर-घर से कूड़ा उठाया जा रहा है।
- गंगा में लगातार नालों का पानी गिर रहा है। कई क्षेत्रों का एक्यूआई बढ़ा है।
गंगा में गिर रहे नालों को रोकने का काम जलनिगम कर रहा है। शहर में प्रदूषण को रोकने के लिए संयुक्त रूप से विभागों द्वारा प्रयास किया जा रहा है। नगर निगम लगातार पानी का छिड़काव कर रहा है। फुटपाथ और खुदी सड़कों को बनाया जा रहा है। ताकि धूल को कम किया जा सके।
