अयोध्या: रामलला मंदिर के सहायक पुजारी समेत 14 सुरक्षाकर्मी कोरोना पाॅजिटिव
अयोध्या। अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला मंदिर के सहायक पुजारी कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है। इसके अलावा श्रीराम मंदिर शिलान्यास समारोह की सुरक्षा में तैनात 14 जवान कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। इनमें फायर ब्रिगेड के सिपाही, पीएसी और पुलिस जवान शामिल हैं। वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डा. घनश्याम ने बताया कि आज …
अयोध्या। अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला मंदिर के सहायक पुजारी कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है। इसके अलावा श्रीराम मंदिर शिलान्यास समारोह की सुरक्षा में तैनात 14 जवान कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। इनमें फायर ब्रिगेड के सिपाही, पीएसी और पुलिस जवान शामिल हैं।
वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डा. घनश्याम ने बताया कि आज हमारे पास जो कोरोना की रिपोर्ट आयी है उसमें 14 सुरक्षाकर्मी पॉजिटिव पाए गये हैं। इनके संपर्क में जो भी लोग हैं उनकी भी जांच करायी जा रही है। कोरोना संक्रमित 14 पुलिसकमियों को आइसोलेशन में भेज दिया गया है।
वहीं श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने बताया कि हमारे सहायक पुजारी प्रदीप दास कोरोना पॉजिटिव हो गये हैं। उन्हें अपने सत्यधाम गोपाल मंदिर आश्रम अयोध्या में क्वारंटाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के मंदिर के पुजारियों की जांच हुई है जिसमें मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास समेत लगभग बारह कर्मचारियों की जांच की गयी है। बाकी सबकी जांच की रिपोर्ट निगेटिव पायी गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदीप दास आश्रम के अपने कमरे में क्वारंटाइन किये गये हैं। बाकी के श्रीरामजन्मभूमि के पुजारी मंदिर में पूजा-अर्चना दोनों टाइम कर रहे हैं।
पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने बताया कि श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के मंदिर निर्माण के लिये भूमि पूजन पांच अगस्त को होना निश्चित हुआ है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगमन होना है, जिसको देखते हुए परिसर में जोर-शोर से तैयारियां हो रही हैं। उन्होंने बताया कि पूजा पाठ में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा है। आचार्य सत्येन्द्र दास ने बताया कि रामलला का दर्शन रामभक्त दोनों पाली में कर रहे हैं।
