मुरादाबाद: घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, केस दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में आरोपी ने घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश की। इससे दहशत में आई पीड़िता ने घर से निकलना बंद कर दिया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कटघर थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता के पिता के अनुसार 11 नवंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे उनकी बेटी घर में अकेली थी। तभी पास में ही स्थित फर्म में मजदूरी करने वाला हर्ष उनके घर में घुस गया और किशोरी से छेड़खानी करने लगा। विरोध पर आरोपी ने पीड़िता के कपड़े फाड़ते दिए और दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी की चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गया। तहरीर के आधार पर कटघर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कटघर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नाबालिगों के अपहरण में दो पर केस
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस प्रशासन भले ही आधी आबादी को सुरक्षा देने का दावा कर रहा हो। मगर यह धरातल पर धाराशाई होता दिख रहा है। आए दिन किसी न किसी थाने में नाबालिग के अपहरण का मामला सामने आ रहा है। ऐसे ही दो मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर नाबालिगों की तलाश शुरू कर दी है।
कटघर थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित मां ने तहरीर में बताया कि 10 दिसंबर की सुबह करीब 8 बजे उनकी नाबालिग बेटी बच्चों को छोड़ने स्कूल गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। जानकारी करने पर पता चला कि मोहल्ला निवासी हिमांशु गिरी उसका अपहरण करके ले गया है। आरोप है कि हिमांशु गिरी पीड़ित से रंजिश रखता था। कटघर पुलिस ने खिलाफ केस दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू कर दी है।
उधर मूंढापांडे थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित पिता ने बताया कि वह मूल रूप से बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र का निवासी है। वह यहां परिवार के साथ ईंट भट्टे पर काम करता है। 11 दिसंबर को उनकी 17 वर्षीय बेटी दवा लेने गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। पिता ने नाबालिग को आसपास में तलाश किया मगर उसका कहीं पता नहीं चला। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि नाबालिग की तलाश शुरूकर दी गई है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति घायल
