चित्रकूट: सरकारी धनराशि में घपले की नगर पंचायत ने शुरू की जांच, SDM ने ईओ को किया तलब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के आदेश पर हो रही जांच।

Chitrakoot News: मानिकपुर के उप जिलाधिकारी प्रमेश श्रीवास्तव ने गुरुवार को नपं के अधिशासी अधिकारी को समस्त अभिलेखों के साथ तलब किया है।

चित्रकूट, अमृत विचार। सरकारी धनराशि में घपले के मामले में भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा मानिकपुर नगर पंचायत के कार्यों की जांच शुरू कर दी गई है। इसके तहत मानिकपुर के उप जिलाधिकारी प्रमेश श्रीवास्तव ने गुरुवार को नपं के अधिशासी अधिकारी को समस्त अभिलेखों के साथ तलब किया है।

उप जिलाधिकारी प्रमेश श्रीवास्तव ने बताया कि समाजसेवी रामपाल त्रिपाठी द्वारा की गई शिकायत का संज्ञान लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन उप्र लखनऊ के पुलिस उपाधीक्षक द्वारा भेजे गए पत्र के क्रम में अधिशासी अधिकारी को तलब किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, मानिकपुर रूरल में सुंदरीकरण के बजट में करोड़ों की धनराशि के सापेक्ष लगभग बीस लाख रुपये खर्च कर तालाब की खुदाई में निकले बोल्डर, पत्थर-ढोका को लगभग बीस लाख रुपये में बेचने का मामला है।

इसके अलावा गौशाला बनाने, विद्युत उपकरण खरीदने, नगर के अंदर निर्मित शौचालय निर्माण में अनियमितता के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को जिम्मेदार ठहराते हुए करोड़ों रुपये की धांधली की शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, धांधली की रकम से ही नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा अपने कार्यकाल में तीन-तीन करोड़ के चार भवनों का निर्माण किया गया है। जिसमें सीमा से आय, संपत्ति का मामला बनता है।

इन बिंदुओं को लेकर 15 दिसंबर को ईओ को एडीएम कार्यालय में साक्ष्य अभिलेख सहित तलब किया गया है। इस कार्यवाही की सूचना भ्रष्टाचार निवारण संगठन अपराध अनुसंधान विभाग उप्र लखनऊ को भी भेजी जाएगी।

संबंधित समाचार