Kanpur Crime : झगड़े की सूचना पर पहुंचे PRV जवानों पर हमला, गाड़ी के शीशे तोड़े
Kanpur Crime कानपुर में दबंगों ने पीआरवी जवानों पर किया हमला।
Kanpur Crime कानपुर में शादी समारोह में झगड़े की सूचना पर पहुंची पीआरवी जवानों पर दबंगों ने हमला कर दिया। दबंगों ने पथराव कर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए है। पुलिस चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Crime दबंगों के हौसले इतने बुलंद होते जा रहे है कि वह अब पुलिस पर हमला करने से पीछे नहीं आ रहे है। चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह में झगड़े की सूचना पर पहुंचे पीआरवी के जवानों को दबंगों ने दौड़ाकर गाड़ी में पथराव कर दिया। जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
अहिरवां निवासी रामचंद्र की बेटी की शादी गुरूवार को इलाके के यादव गेस्ट हाउस में थी। जिसकी बारात नर्वल के बाराधरी गांव के रहने वाले संजय लेकर आए थे। देर रात शादी समारोह में डीजे पर डांस करने को लेकर वर और वधू पक्ष में मारपीट हो गई।
रात तीन बजे कंट्रोल रूम की सूचना पर पीआरवी- 0419 मौके पर पहुंची। इसमें तैनात दरोगा रघुराज बहादुर, कांस्टेबल रामानंद शुक्ला और होमगार्ड चालक विनय कुमार सिंह मौजूद थे। पुलिसकर्मियों ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया। इसी बीच वहां मौजूद नशेबाज हमलावर हो गए।
पीआरवी के वहां से निकलते ही पीछा करते हुए बाइक से आए और गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी देने लगे। पीआरवी कर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई है। जानकारी पाकर चकेरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना को अंजाम देकर दबंग मौके से भाग निकले है।
चकेरी एसीपी अमरनाथ ने बताया कि पुलिस कर्मियों पर हमला करने वाले दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पहले भी पुलिस पर हो चुके हमले
1- बिकरू गांव में पुलिस पर हमले में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हुई थी मौत।
2- महिला थाने के सामने अधिवक्ता ने टीएसआई को पीटा था।
3- रायपुरवा में दरोगा को पिकअप सवार युवकों ने पीटा।
4- पालिका स्टेडियम में झगड़ा सुलझाने गई पुलिस टीम पर युवकों ने किया था हमला।
5- बजरिया थाना क्षेत्र में नई सड़क उपद्रव के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर हुआ था हमला।
