हल्द्वानी: आरटीओ से सफर का भाड़ा तो ले लिया…टिकट नहीं दिया
हल्द्वानी, अमृत विचार। आरटीओ संदीप सैनी जब एक आम यात्री बनकर रामनगर रूट की बस में सवार हुए तो टिकट नहीं मिलने से लेकर यात्रियों की जान से खिलवाड़ समेत तमाम कमियां मिलीं। फिलहाल आरटीओ ने बस का चालान करने के साथ ही चालक का ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निरस्त कर दिया है। साथ ही सभी एआरटीओ, परिवहन कर अधिकारियों को टैक्सी,मैक्सी, बसों में चेकिंग के निर्देश दिए हैं।
आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी शनिवार को कालाढूंगी रोड स्थित बाजपुर बस अड्डे से रामनगर जाने वाली बस संख्या में पीबी 06 एच-9761 में सवार हुए। बस में सवार आते ही अगले और पिछले गेट पर टायर रखे मिले, इनसे यात्रियों खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को चढ़ने में परेशानी हो रही थी। फिर बस स्टार्ट हुई और रामनगर की तरफ चल दी। कंडक्टर ने आरटीओ सैनी से रामनगर का 70 रुपये भाड़ा लिया लेकिन उन्हें टिकट भी नहीं दिया। अन्य यात्रियों को भी टिकट नहीं दिया और मांगने पर अनसुना कर दिया।
अभी बस चली ही थी कि चालक का फोन आ गया, बस चालक ने वाहन को किनारे लगाने के बजाय चलती बस में ही फोन उठा लिया। एक हाथ से मोबाइल और एक हाथ से बस चलाकर यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ किया। लामचौड़ के करीब पहुंचने के बाद आरटीओ सैनी ने बस को रुकवा दिया। उन्होंने तुरंत बस का चालान किया। इसके साथ ही चालक का ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निरस्त कर दिया है।
कंडक्टर पर लाइसेंस नहीं होने और यात्रियों को टिकट नहीं देने पर वाहन परमिट के विरुद्ध धारा-86 की कार्रवाई की संस्तुति की गई। बस के बोनट पर भी एक सीट बनाई गई थी। इसके लिए आरआई को बस का तकनीकी निरीक्षण कर एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। इसके अलावा परिवहन विभाग की टीम ने अन्य स्थानों पर भी चेकिंग की और चार अन्य बसों का चालान किया।
एआरटीओ को दिए सघन चेकिंग के निर्देश
आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने एआरटीओ हल्द्वानी, रामनगर, ऊधम सिंह नगर, काशीपुर, टनकपुर व नैनीताल के परिवहन कर अधिकारी को सघन चेकिंग चलाने के निर्देश दिए हैं। इसमें क्षमता से अधिक सवारी नहीं ढोने, प्रवेश व निकास मार्ग में अड़चन नहीं करने, टिकट देने और किराया की सूची प्रदर्शित करने, चालक व परिचालक का लाइसेंस जांचने, क्षमता से अधिक सीटिंग व्यवस्था की जांच, स्पीड गवर्नर लगने आदि की जांच के निर्देश दिए हैं।
