बरेली: गरीबों को छह से सात दिन और नहीं बंटेगा सरकारी कंबल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दो दिन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बस स्टेशनों के साथ चौराहों पर रात में असहाय लोग घूमते भी दिख रहे हैं। तहसील क्षेत्रों में भी यही स्थिति है। सर्दी अधिक होने के बावजूद जिला प्रशासन अभी तक गरीबों व असहायों को सरकारी कंबल नहीं बंटवा सका है। अभी छह से सात दिन और कंबल बंटने में लगने की बात कही जा रही है। वित्तीय बिड खुलने के बाद चार कंपनियों के कंबलों की जांच कराने के लिए सैंपल लिया गया। सैंपल कानपुर लैब भेजे गए हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: टेली मानस का करेंगे विस्तार, मरीजों को मिलेंगी सुविधाएं

शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के बावजूद सैंपलों की जांच सोमवार या मंगलवार की शाम तक आने की बात कही जा रही है। जांच कराने के दौरान यह देखा रहा है कि किस कंपनी के कंबल में 70 प्रतिशत ऊन है। इस बार शासन ने जो गाइडलाइन जारी की है, उसमें 70 प्रतिशत ऊन होने वाले कंबल ही खरीद की जानी है। जिला आपदा प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद चारों में से एक कंपनी तय होगी।

 इन कंपनियों ने 440, 450 और 460 रुपये प्रति कंबल का रेट कोटेशन में दिया है। लैब से सैंपल पास होने के बाद कंपनी चयन के साथ रेट भी देखे जाएंगे। जिला प्रशासन चाहता है कि 400 रुपये प्रति कंबल के हिसाब से खरीद की जाए। जबकि कंपनियों ने उपरोक्त रेट दिए हैं। पिछले साल प्रशासन ने 425 रुपये प्रति कंबल के हिसाब से कंबलों की खरीद की थी। इस बार शासन ने कंबल बांटने के लिए प्रशासन को 30 लाख रुपये आवंटित किए हैं। कंबल आने के बाद तहसीलों को भेजे जाएंगे।

गरीबों की राहत के लिए नगर निगम ने 20 जगह पर अलाव रखवाए
बढ़ती ठंड से गरीबों को राहत देने के लिए नगर निगम सक्रिय हो गया है। शनिवार की रात से निगम ने शहर के 20 स्थानों पर अलाव लगा दिये हैं। रेलवे, बस स्टेशन, आश्रय घर आदि जगह पर रात में लकड़ी रखवा दी गई। नगर निगम के अफसरों ने बताया कि रेलवे जंक्शन, पटेल चौक, रोडवेज, सेटेलाइट, सिटी स्टेशन, सुभाष नगर आश्रय घर, बाकरगंज आदि जगहों पर नगर निगम ने अलाव की व्यवस्था कर दी है।

ये भी पढ़ें- बरेली: बच्चे से पंखा कराने पर शिक्षक पर कार्रवाई

 

संबंधित समाचार