बहराइच: बांध बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने भरी हुंकार, किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बोले सुनवाई नही हुई तो करेंगे भूख हड़ताल

अमृत विचार,बहराइच। विकासखंड मिहीपुरवा के थाना सुजौली अंतर्गत ग्रामसभा चहलवा के मौरहवा गांव में रविवार को बाढ़ व कटान प्रभावित दो दर्जन से अधिक गाँव के ग्रामीणों ने बैठक की। बैठक में ग्रामीणों ने घाघरा नदी के बाढ़ व कटान से बचाव के लिए बांध बनाने की मांग को लेकर हुंकार भरते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्याओं पर शासन और प्रशासन ने ध्यान न दिया तो भूख हड़ताल शुरू करेंगे। 

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से लगातार घाघरा नदी कटान कर रही है, बाढ़ से भी दो दर्जन से अधिक गांव प्रभावित होते हैं, जिससे लोगों का काफी नुकसान होता है। बाढ़ से निजात के लिए ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन से कई बार बांध बनाने की मांग की है लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नही हुई है। जिसको लेकर रविवार को ग्राम प्रधान जंगल गुलरिया शिव कुमार की अगुवाई में मौरहवा गांव में बैठक कर ग्रामीणों ने तय किया है कि अगर जल्द ही बांध बनाने को लेकर कोई सुनवाई नही हुई तो वह तहसील व जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे साथ ही कटान व बाढ़ प्रभावित दो दर्जन से अधिक गांव के लोग भूख हड़ताल पर भी बैठेंगे। 

इस दौरान ग्रामीणों ने हाथ उठाकर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध जाहिर किया है। इस दौरान अजय चौहान, कन्हैया चौहान, राजेन्द्र साहनी, वीर बहादुर, आजाद घोसी, बंशीधर बौद्ध, मदन पहलवान, शैलेन्द्र सिंह, गुलाब मौर्या, राम आसरे आदि मौजूद रहे। 


यह गांव होते हैं बाढ़ और कटान से प्रभावित
थाना सुजौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजौली, जंगल गुलरिया, बड़खड़िया व चहलवा के दो दर्जन से अधिक गांव बाढ़ व कटान से प्रभावित होते हैं। 


यह गांव हुए हैं नदी में समाहित  
घाघरा की कटान में नदी में अब तक छह गांव गुप्ता पुरवा, दूधनाथ पुरवा, बंगाली पुरवा, कृष्ण नगर, तुलसी पुरवा व प्रेम नगर समाहित हो चुके हैं।

ये भी पढ़ें -जौनपुर: चयनित शिक्षकों को जिलाधिकारी ने वितरित किया नियुक्ति प्रमाण पत्र

संबंधित समाचार