अयोध्या: मंडल में 7000 करोड़ निवेश के लिए हो चुका है एमओयू : जसवंत सिंह सैनी
अमृत विचार, अयोध्या। प्रदेश के औद्योगिक विकास और संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में उद्योग की स्थापना और रोजगार सृजन के लिए सरकार प्रभावी पहल में जुटी है। आगामी 10, 11 व 12 फरवरी को लखनऊ में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है। विभाग को मंडल में 11000 करोड़ के निवेश का लक्ष्य दिया गया था। जिसके सापेक्ष अभी तक 7000 करोड़ के निवेश को लेकर एमओयू हो चुका है।
जनपद के दौरे पर पहुंचे राज्यमंत्री रविवार को विभागीय कार्यों की जानकारी और समीक्षा के बाद मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा हर वक्त चुनाव के लिए तैयार रहती है। पार्टी अपने नेताओं के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के आधार पर नगर निकाय का चुनाव लड़ेगी और जीतेगी। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरे देश के लोगों की इच्छा है कि 2024 में फिर से पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बने। भाजपा सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं पर काम कर रही है।
समीक्षा बैठक के दौरान यूपीएसआईडीसी के परिक्षेत्रीय अधिकारी केएन श्रीवास्तव ने बताया कि अयोध्या मंडल के सभी जनपदों में अभी तक लक्ष्य 11000 करोड़ के सापेक्ष 7000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव मिला है और इस पर एमओयू भी साइन हो चुका है। जिले में मसौधा शुगर मिल ने 150 करोड़ से पार्टिकल बोर्ड निर्माण व जेआर एग्रो ने इतनी ही रकम से कंपनी के प्रसार में निवेश का प्रस्ताव दिया है। कई उद्योग संचालकों ने भी प्रस्ताव सौंपे हैं।
यह भी पढ़ें:- कारोबार हित में जीओएम को सौंपे गए हैं कई मुद्दे : केंद्रीय मंत्री
