अयोध्या: पुलिस ने दिखाई सक्रियता, तो पांच अन्य चोरियों का भी हो गया राजफाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। नगर कोतवाली के सिविल लाइन स्थित हौसिला नगर में दो बीमा अभिकर्ताओं के यहां ताला तोड़ कर चोरी की वारदात के बाद एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस के साथ फॉरेंसिक दस्ता व एसओजी की टीम सक्रिय हुई तो इन दोनों चोरियों के अलावा महानगर क्षेत्र में हुई पांच अन्य चोरियों का राजफाश हो गया।

पुलिस ने बाराबंकी निवासी गिरोह के सरगना समेत तीन सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले सर्राफ को गिरफ्तार किया है। सोमवार को नगर कोतवाली में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि नगर कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह, एसओजी प्रभारी अरशद और अन्य थाना पुलिस की टीम ने सोमवार की  सुबह टीवी टावर तिराहे के पास से कार सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में इन्होंने अपना नाम-पता जुबेर खान व अरबाज निवासीगण रसूलपना थाना देवा जनपद बाराबंकी मूल पता नत्था कोठी उत्तरी टोला कश्मीरी मोहल्ला नई बस्ती जनपद बाराबंकी,अल्ताफ जमाल निवासी जंगेरी पोस्ट मलागी थाना मुन्डगोड़ जनपद उत्तरा कनाडा, कर्नाटक और दिलीप कुमार रस्तोगी निवासी रसूलपुर कोतवाली नगर जनपद बाराबंकी बताया है।

Image Amrit Vichar(20)

इनमें जुबेर सरगना और अरबाज उसका बेटा तथा अल्ताफ जमाल सरगना के साले का साला तथा दिलीप चोरी के जेवरात का खरीददार है। यह लोग हाइवे किनारे बसी कालोनियों में ताला बंद घरों की अपने कार संख्या यूपी 78 बीवाई 4902 खड़ी कर रेकी करते थे और वारदात  के बाद अपने घर निकल जाते थे। अल्ताफ जमाल हौसिला नगर की वारदात  के एक दिन पूर्व ही हवाई यात्रा कर पहुंचा था। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के बाद पुलिस इन तक पहुंची।

गिरोह के पास से चुराया गया सोने की सात जोड़ी कान की झुमकी, एक जोड़ी कान के टप्स, एक गले का हार, तीन गले की चेन, तीन अंगूठी, एक नाक की नथ, एक लाकेट, चांदी का 12 सिक्का, दो जोड़ा कंगन, चार कटोरी, तीन गिलास, एक थाली, एक प्लेट, चार चम्मच, एक सिन्दूरदानी, एक दीपकदानी, नौ जोड़ी पायल, एक जोड़ी पावजेब, छह जोड़ी बिछिया, एक लाकेट, 11 हजार 500 रूपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त कार, दो स्मार्टफोन व ताला तोड़ने का औजार मिला है।  उन्होंने बताया कि गिरोह ने कैंट, कोतवाली अयोध्या व नगर में कुल सात चोरियों की बात कबूली है।  

अन्य मामलों में सक्रियता दिखाती तो अन्य पीड़ितों को भी मिल जाता उनका सामान 
पुलिस ने हौसिलनगर के दो घरों में हुई चोरी के मामले में सभी जेवरात बरामद कर लिया, केवल नकदी ही एक लाख में से साढ़े 11 हजार मिली है। वहीं छोटे भाई की शादी में गए कैंट थाना क्षेत्र के डिफेन्स कालोनी करमअली का पुरवा निवासी सरकारी कर्मी पुष्पेंद्र सिंह के घर 29 मई को दो लाख नकद समेत आठ लाख के जेवरात की चोरी, दर्शन को मथुरा गए सहादतगंज शिवनगर कालोनी निवासी विजय सिंह के घर 29 अक्टूबर को 10 हजार नकदी समेत कई लाख के जेवरात चोरी, नगर कोतवाली के ही कौशलपुरी निवासी जीत बहादुर प्रियदर्शी के घर का ताला तोड़ 30 जनवरी की रात हजारों के जेवरात व नकदी चोरी के मामले में केवल कबूलनामा तक रहा।

इससे संबंधित कोई जेवर और नकदी बरामद नहीं हो सकी। जबकि अयोध्या कोतवाली के अवधूत नगर श्रीरामपुरम कालोनी निवासी नरेंद्र कुमार शर्मा के यहां 13 नवंबर की रात 70 हजार नकदी समेत हजारों के जेवरात और सीसीटीवी के डीवीआर चोरी तथा एलआईजी निवासी अनिल जौहरी के घर ताला तोड़ 27 सितंबर की रात नकदी व हजारों के जेवरात चोरी के मामले में थोड़ी बरामदगी ही हो पाई। अनिल जौहरी की रिपोर्ट ही लगभग तीन माह बाद दर्ज हो पाई। पीड़ितों का कहना है कि भोजपुरी अभिनेत्री तथा हौसिला नगर में हुई चोरी की तरह इनके मामले में भी पुलिस तत्काल सक्रियता दिखाती तो उनकी गाढी कमाई का रुपया और जेवर बरामद हो जाता।

यह भी पढ़ें:-राजस्थान में अब 500 रुपये में मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर, CM गहलोत ने किया ऐलान

संबंधित समाचार