अयोध्या: शोक के बहाने बंद कर दिया अस्पताल, मरीज हुए परेशान, लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
अमृत विचार, अयोध्या। श्रीराम अस्पताल की शाखा ऋषभदेव नेत्र चिकित्सालय की सेवाएं राम भरोसे है। दूर-दूर से आने वाले मरीज गेट के बाहर चक्कर लगाते है और इंतजार करते हैं कि कब ताला खुलेगा। यही नहीं, अस्पताल के कर्मचारी भी बाहर लोगो को प्राइवेट संस्थान जाने की नसीहत देते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है।
सोमवार को कुछ मरीज अस्पताल इलाज के लिए पहुंचे तो इस दौरान डॉक्टर और कर्मचारियों ने मरोजों को अस्पताल बंद होने की जानकारी देते हुए बाहर निकाल दिया। मरीजों ने अभद्रता करने का आरोप भी लगाया है। गुस्साए लोगों ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से भी की है।
अयोध्या से करीब 30 किलोमीटर दूर मया बाजार से अपनी आंख दिखाने पहुंचे सतेंद्र सिंह ने बताया कि किसी कर्मचारी की मृत्यु हो गई है। लेकिन कंडोलेंस के नाम पर संपूर्ण अस्पताल में ताला बंद कर दिया गया। 45 मिनट से हम मौके पर मौजूद हैं। मौके पर चिकित्सक मौजूद थीं।
उन्होंने कहा कि आज कंडोलेंस हो गया है आप लोग बाहर जाइए हमें ताला बंद करना है। एक बुजुर्ग कुंज बिहारी श्रीवास्तव ने बताया कि कल देर शाम हमारी आंख में चोट लग गई है। हम दिखाने आए तो अस्पताल में ताला बंद है। ढेर सारे मरीज भी एकत्रित हैं।
नेत्र रोगियों ने कहा कि कम से कम 1 से 2 स्टाफ मौके पर रुकना चाहिए था लेकिन संपूर्ण अस्पताल में ताला बंद कर दिया गया। सीएमएस सत्येंद्र कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। पहले मामले की जांच की जाएगी कि अस्पताल में मौजूद चिकित्सक और कर्मचारियों ने किसके साथ अभद्रता की है। जांच में दोषी पाये जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: नगर पालिका में बना हुआ रैन बसेरा, जिलाधिकारी ने किया शुभारम्भ
