मुरादाबाद : दो चौकी प्रभारियों समेत तीन दरोगा लाइन हाजिर, एसएसपी ने की कार्रवाई
नेफा व कैंप चौकी प्रभारी पर गिरी गाज, सोनकपुर थाने में तैनात दरोगा भी नपे
मुरादाबाद, अमृत विचार। दायित्व के प्रति लापरवाह व कर्तव्य के प्रति उदासीन दरोगा निशाने पर हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने तीन दिनों के भीतर दो चौकी प्रभारियों समेत तीन दारोगा को लाइन में भेजकर पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। एसएसपी के सख्त रुख से लापरवाह पुलिसकर्मियों में हड़कंप है।
एसएसपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक सिविल लाइंस थाने के कैंप चौकी प्रभारी विनोद कुमार व सोनकपुर थाने में तैनात दारोगा रामनिवास लाइन हाजिर कर दिए गए। दोनों दरोगा पर दायित्व के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक चक्कर की मिलक में तैनात एक दुकानदार ने कैंप चौकी पर तहरीर दी। पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पर दारोगा बनने की ट्रेनिंग ले रहे एक हेड कांस्टेबल पर दुकान से घी का पैकेट चुराने का आरोप था। उक्त मामले में कानूनी कार्रवाई की बजाय कैंप चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। समझौते की भनक लगते ही एसएसपी आग बबूला हो गए।
प्रकरण में कानूनी कार्रवाई न होने से खफा एसएसपी ने कैंप चौकी प्रभारी को तत्काल लाइन में आमद करने का हुक्म दिया। उधर भगतपुर थाने की नेफा चौकी ओवर लोड डंपर की बेरोकटोक आवाजाही को लेकर पूर्व में सुर्खियों में रही। पुलिस की चुप्पी को लेकर भगतपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर आए दिन गंभीर सवाल उठते रहे हैं। नेफा चौकी प्रभारी पंकज कुमार के खिलाफ शिकायतों के अंबार से क्षुब्ध एसएसपी ने उन्हें भी लाइन में आमद करने का आदेश दे दिया। जबकि सोनकपुर थाने में तैनात दरोगा रामनिवास विवेचना में लापरवाही बरतने के आरोपों के कारण पुलिस लाइन भेज दिए गए।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : दुकान का बैनामा कराने के नाम पर निरीक्षक समेत दो पुलिसकर्मियों से दस लाख की ठगी
