मुरादाबाद : दुकान का बैनामा कराने के नाम पर निरीक्षक समेत दो पुलिसकर्मियों से दस लाख की ठगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सेवानिवृत्त निरीक्षक की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ केस, कासगंज के एसपी आफिस में तैनात है दूसरा पीड़ित निरीक्षक

मुरादाबाद, अमृत विचार। कासगंज एसपी कार्यालय में तैनात एक निरीक्षक समेत दो पुलिसकर्मियों से दस लाख रुपये की ठगी होने का मामला प्रकाश में आया है। मेरठ के रहने वाले एक सेवानिवृत्त निरीक्षक की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ पाकबड़ा पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।

मेरठ के नौचंदी थानाक्षेत्र में नेहरू नगर गली नंबर पांच के रहने वाले ओमप्रकाश पाण्डेय पुत्र स्व. मथुरा प्रसाद के मुताबिक वह सेवानिवृत्त निरीक्षक हैं। वर्तमान में कासगंज एसपी के कार्यालय में शिकायत प्रकोष्ठ में तैनात निरीक्षक राजीव शर्मा पूर्व में लंबे समय तक यहां तैनात रहे।

पाकबड़ा थाना क्षेत्र में गुरैठा गांव के रहने वाले प्रमुखी उर्फ देव शर्मा पुत्र स्व. गंगा सहाय राजीव शर्मा का दूर का रिश्तेदार है। यहां तैनाती के दौरान ओमप्रकाश पांडेय व राजीव शर्मा पुलिस क्लब में रहते थे। इसलिए प्रमुखी उर्फ देव शर्मा व ओमप्रकाश पांडेय के बीच पहचान हो गई। वर्ष 2013 में ओमप्रकाश पांडेय का तबादला मुरादाबाद से रामपुर हो गया। जबकि वर्ष 2016 में राजीव शर्मा भी मुरादाबाद से रामपुर आ गए। दोनों की तैनाती रामपुर पुलिस कंट्रोल रूम में एक साथ थी। 31 मार्च, 2017 को ओमप्रकाश पांडेय सेवानिवृत्त हो गए।

उधर, प्रमुखी उर्फ देव शर्मा द्वारा निरीक्षक राजीव शर्मा को बताया कि वह अपनी दुकान बेचना चाहता है। राजीव शर्मा के सामने उसने दुकान खरीदने का प्रस्ताव रखा। तब राजीव शर्मा के पास पर्याप्त रुपये नहीं थे। उन्होंने ओमप्रकाश पांडेय से पार्टनर बनने का आग्रह किया। मोटे मुनाफा होने का हवाला देकर एक साथ दुकान खरीदने को कहा। ओमप्रकाश पांडेय ने कुल 6 लाख 20 हजार रुपये व राजीव शर्मा ने तीन लाख रुपये का भुगतान प्रमुखी उर्फ देव शर्मा को किया। रुपये का भुगतान करने के बाद भी दुकान का बैनामा नहीं हुआ।

छानबीन में पता चला कि बिकाऊ दुकान पर बैंक का लोन है। दुकान तीन भाइयों के नाम दर्ज है। तब दोनों पीड़ित निरीक्षक रुपये वापस मांगने लगे। फिर भी आज तक उन्हें आरोपियों ने रुपये का भुगतान नहीं किया। रुपये मांगने पर पहले बहानेबाजी करते थे। अब आरोपी जान माल की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पाकबड़ा पुलिस ने आरोपी प्रमुखी उर्फ देव शर्मा, राजेंद्र उर्फ राजू व आशू उर्फ अश्वनी के खिलाफ साजिश के तहत धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी पाकबड़ा मोहित चौधरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : अब शिक्षा संग हुनरमंद बनेंगी बेटियां, 140 को दिया जा रहा प्रशिक्षण

 

संबंधित समाचार