बहराइच: राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए चयनित हुए जिले के चार छात्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बहराइच। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में राज्य स्तरीय प्रोजेक्ट के लिए दो छात्र और दो छात्राओं का चयन हुआ है। ऐसे में सभी छात्र 24 से 26 दिसंबर के मध्य प्रयागराज में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इसकी जानकारी सभी छात्रों को दे दी गई है।

राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में राज्य स्तर पर प्रोजेक्ट प्रस्तुतीकरण के लिए जनपद बहराइच से विद्यार्थियों के ग्रुप का चयन किया गया है। जिला समन्वयक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस डॉ. नंद कुमार शुक्ल ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद के तत्वाधान में तीसरी जनपदीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन 10 नवंबर को सैनिक इंटर कॉलेज के सभागार में हुआ था।

जिसमें जनपद के बाल वैज्ञानिकों ने आओ अपने परितंत्र को जाने विषय से जुड़ी स्थानीय समस्याओं का आकलन और उनके सापेक्ष वैज्ञानिक समाधान प्रस्तुत करने के लिए अपने अपने अनुभव पत्र प्रस्तुत किए थे। निर्णायक मंडल द्वारा सीनियर ग्रुप में से बैरोज ब्लू बेल्स इंटर कॉलेज के छात्र आयुष जयसवाल तथा मदनी महमूद तथा जूनियर ग्रुप से बाल शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज की छात्रा अनुष्का पांडे व आस्था सिंह के ग्रुप का कमेटी ने राज्य स्तर पर प्रोजेक्ट के प्रस्तुतीकरण करने के लिए चयनित किया है।

जिला समन्वयक डा नंद कुमार शुक्ल ने बताया की राज्य स्तर पर प्रोजेक्ट का प्रस्तुतीकरण ऋषिकुल पतंजलि विद्यालय इलाहाबाद में 24 से 26 दिसंबर के मध्य आयोजित होगा। राज्य स्तर से चयनित बच्चों का प्रस्तुतीकरण राष्ट्रीय स्तर पर 27 से 31 जनवरी के मध्य अहमदाबाद में होगा।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: शशि को आवास और किस्मतुन को मिली ट्राई साइकिल

संबंधित समाचार