गोंडा: हत्या कर गन्ने के खेत में फेंका युवती का शव, दुष्कर्म की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के दुफेड़िया गांव में एक 20 वर्षीय युवती की उसकी हत्या कर उसका शव गन्ने के खेत में फेंक दिया। मंगलवार की सुबह कंपोजिट स्कूल दुफेड़िया के बगल स्थित गन्ने के खेत से युवती का शव बरामद हुआ तो परिजनों में कोहराम मच गया। युवती सोमवार दोपहर से लापता बताई जा रही थी।

हत्या की सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलने पर डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। परिजनों ने हत्या से पहले युवती संग दुष्कर्म की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंचे सीओ व देहात कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा करा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

Image Amrit Vichar(12)

कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के दुफेड़िया गांव के मजरे लोनियनपुरवा के रहने वाले ब्रम्हानंद की 20 वर्षीया बेटी सोमवार की दोपहर गांव के बाहर स्थित अपने खेत पर गई थी। लेकिन वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजन पूरी रात युवती की तलाश करते रहे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। 

मंगलवार की सुबह गांव से तीन सौ मीटर दूर बने कंपोजिट स्कूल के बगल गन्ने के खेत में युवती का शव बरामद हुआ। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। शव मिलने की सूचना पाकर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। तत्काल इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नगर व कोतवाली देहात की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से गन्ने के खेत से शव को बाहर निकाला तथा मामले की जांच पड़ताल के लिए डॉग स्क्वा़यड व फॉरेंसिक टीम भी बुला ली गई। दोनों टीमों ने युवती के शव व आसपास के क्षेत्र का बारीकी से मुआयना किया और सबूत तलाशने की कोशिश की। युवती के चेहरे व पेट पर चोट के निशान पाए गए हैं।

 परिजनों को आशंका है कि युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है। हालांकि परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।‌ कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि शव का पंचनामा कराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आयेंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें:-गाजियाबाद: छेड़छाड़ से परेशान युवती ने फंदा लगाकर दी जान, परिजनों ने पुलिस पर लगाया यह आरोप

संबंधित समाचार