अयोध्या: ट्रांसफॉर्मर में तकनीकी खराबी की वजह से 50 हजार घरों की 15 घंटे गुल रही बिजली
अमृत विचार, रुदौली, अयोध्या। बाबा बाजार विद्युत उपकेंद्र के ट्रांसफॉर्मर में तकनीकी खराबी की वजह से 45 गांवों के करीब 50 हजार विद्युत उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल रही। सोमवार की शाम को विद्युत सप्लाई बंद हुई तो रात में लोगों को अंधेरे का सामना करना पड़ा। शाम का भोजन लोगों ने टार्च और मोबाइल की रोशनी के सहारे किया।
सब स्टेशन के कर्मचारियों का सीयूजी नंबर स्विच आफ था। यहां तक कि अधिकारी भी फोन नहीं उठा रहे थे। उधर सप्लाई ठप होते ही रात भर लाइन मैन फाल्ट तलाशने में जुटे रहे। सल्लाहपुर फीडर पर तैनात विद्युत कर्मचारी दुर्गेश मिश्र और अजीत कुमार मंगलवार की सुबह ही लाइन की पेट्रोलिंग में जुटे नजर आए।
ठीक पूर्वाह्न 11 बजे सप्लाई शुरू हुई तो विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। बाबा बाजार सब स्टेशन के अवर अभियंता रामेश्वर गुप्त ने बताया कि उपकेंद्र के ट्रांसफॉर्मर में खराबी आ गई थी, जिसे रात में तकनीकी टीम को बुलाकर दुरुस्त करा लिया गया।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: बिलावल भुट्टो का पुतला जलाकर ग्रामीणों ने दर्ज कराया विरोध, जानें मामला
