कासगंज: जहां दिखाई देगा कोहरा, वहीं थम जाएंगे बसों के चक्के

कोहरा छटने के बाद ही मंजिल की ओर रफ्तार भरेंगी बसें, परिवहन निगम ने कोहरे में बढ़ते हादसों के मद्देनजर लिया निर्णय

कासगंज: जहां दिखाई देगा कोहरा, वहीं थम जाएंगे बसों के चक्के

कासगंज, अमृत विचार। कोहरे में आए दिन सडक़ हादसे हो रहे हैं। लोगों की जानें जा रही हैं।  दृश्यता कम होने से चालक नियंत्रण खो बैठते हैं। इस बीच परिवहन निगम ने बड़ा निर्णय लिया है। अब रास्ते में जहां भी कोहरा दिखाई देगा, बस के चक्के वहीं थम जाएंगे और कोहरा छटने के बाद ही बस गंतव्य की ओर रवाना होगी।

ये भी पढ़ें- कासगंज: तेज रफ़्तार बोलेरो पलटी, दो मौत 

जिले में ही हादसे की बात करें तो कोहरे ने पिछले तीन दिनों में अब तक 5 जानें ले लीं। कोहरे का कहर लगातार जारी ह। रोडवेज की बसों की कोहरे में रफ्तार कम रहती है। हादसों का खतरा बना रहता है, लेकिन अब रोडवेज ने कोहरे में बसों के संचालन में रोक लगाने का निर्णय लिया है। शासन से परिवहन निगम को निर्देश मिले हैं कि कोहरे की स्थिति में बसें संचालित न की जाएं। यदि कोई बस डिपो से गंतत्व्य के लिए रवाना हो गई है तो जहां कोहरा हो वहीं बस रोक दी जाए। 

कोहरा छटने के बाद बस को आगे बढ़ाया जाए। निर्देश मिलने के बाद परिवहन निगम के अधिकारियों ने गंभीरता दिखाई है और अब चालक परिचालकों को निर्देश दे दिए हैं कि कोहरे में बसें न चलाएं। उदाहरण के तौर पर यदि बस कासगंज बस स्टैंड से दिल्ली के लिए रवाना हुई। यदि रास्ते में खुर्जा या बुलंदशहर में कोहरा दिखाई देता है तो बस वहीं रोक दी जाएगी।

जल्दबाजों का वापस होगा किराया
कोहरे की स्थिति में बस के चक्के थमे थमे रहेंगे। रास्ते में जहां भी बस रुकेगी वहां से कोहरा छटने के बाद ही बस आगे बढ़ेगी। इस बीच यदि कोई यात्री जल्दबाजी करेगा तो रोडवेज उसका किराया वापस कर देगा, लेकिन कोहरा छटने तक  बस आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।

शासन से निर्देश मिल गए हैं कि कोहरे में बसों का संचालन न किया जाए। यदि बस रास्ते में है और कहीं कोहरा है तो वहीं बस रोक दी जाएगी- संजीव कुमार, एआरएम।

ये भी पढ़ें- कासगंज: सेवानिवृत्त एसडीएम का हत्यारा पुलिस मुठभेड़ में ढेर