मथुरा: भाजपा की दमकारी नीतियों ने पूरा देश परेशान- खाबरी
भारत जोड़ों यात्रा का समर्थन कर राहुल के हाथ मजबूत करने का किया आह्वान
मथुरा, अमृत विचार। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने मंगलवार को बांके बिहारी मंदिर में ठाकुर जी के दर्शन किए। सेवायत गोस्वामी शैलेंद्र गोस्वामी ने उन्हें ठाकुर जीकी उत्तरी ओढाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा से देश को बचाने और जनता को जोड़ने के लिए कांग्रेस द्वारा भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा देश में बदलाव का कार्य करेगी।
यह भी पढ़ें- मथुरा: मामा के नाबालिग लड़कों के साथ काटा था ATM, पुलिस ने किया खुलासा
जनता को लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए यात्रा का समर्थन करना होगा। निकाय चुनावों में कांग्रेस सीधे-सीधे मुकाबलों में है। कांग्रेस में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन में उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरा देश परेशान है। भाजपा की दमनकारी नीतियों के चलते आम आदमी मंहगाई का दंश झेल रहा है और युवा बेरोजगार घूम रहा है। मंहगाई, बेरोजगारी से बचने के लिए जनता को राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने होंगे।
प्रदेश में कानून व्यवस्था फेल है। महिलाओ व बच्चियों के साथ अपराध में बढ़ोत्तरी हो रही है। प्रयागराज में चार सौ फीसद फीस बढ़ा दी गई है। शांतिपूर्ण ढंग से विरोध करने पर छात्रों को पीटा गया। इसके बाद उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओंके साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा जनवरी के प्रथम सप्ताह में उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेंगी।
प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर भ्रमण के बाद पदयात्रा का मथुरा में समापन होगा। इससे पहले होलीगेट चौराहे के निकट सुबह ११ बजे अप्सरा पार्किंग में पहले जनसभा आयोजित की जाएगी। नगर भ्रमण के बाद पदयात्रा विकास मार्केट स्थित गांधी प्रतिमा पर पहुंचकर समाप्त होगी। भारत जोड़ो पदयात्रा सभा के बाद होलीगेट, कोतवाली रोड, भरतपुर गेट, डीग गेट आंबेडकर मूर्ति पर माल्यार्पण, चौक बाजार और विश्राम घाट होती हुई पुन: होलीगेट आएगी।
यहां से विकास मार्केट स्थित महात्मा गांधी की मूर्ति पर पहुंचेगी। पदयात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम, आचार्य प्रमोद कृष्णम, ब्रज प्रांत अध्यक्ष योगेश दीक्षित, वरिष्ठ नेता महेश पाठक, कुमुद गंगवार, आशुतोष दीक्षित, अमित कुमार मौजूद रहेंगे।
इससे पूर्व नगर इकाई के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सोहन सिंह सिसोदिया, नगर अध्यक्ष नूतन बिहारी पारीक, जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा, प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान, प्रदेश सचिव योगेश तालान, डां. नंदन चौधरी, दीपक बागवाला एवं दीपक पाराशर आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- मथुरा: लूट मामले में पुलिस के हत्थे चढ़े तीन शातिर, तमंचा समेत नगदी बरामद
