बिजनौर: चार बाघों ने भैंस को बनाया निवाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अधिकारियों ने कहा कि मादा बाघ के साथ चार बच्चे भी हो सकते हैं

 बिजनौर, रेहड़, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव मालोनी में चार बाघों ने महिला के सामने ही उसकी भैंस को निवाला बना लिया। मामले की सूचना मिलते ही अमानगढ़ टाइगर रिजर्व व कार्बेट टाइगर रिजर्व के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पंजों के निशान की जांच के बाद बाघों की संख्या चार होने की पुष्टि की है।

वनकर्मी मान रहे हैं कि बाघों का झुंड शिकार को खाने के लिए घटनास्थल पर आएगा, इसलिए वन विभाग के उच्चाधिकारियों के आदेश पर भैंस के शव को घटनास्थल पर ही छोड़ दिया गया है तथा उसके आसपास अमानगढ़ टाइगर रिजर्व की ओर से पांच कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं ताकि बाघों की संख्या का पता लगाया जा सके। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व और कालागढ़ टाइगर रिजर्व के वन कर्मियों की संयुक्त टीम घटनास्थल की निगरानी करेगी।

यदि बाघ कैमरा ट्रैप में कैद हो जाते हैं तो वन विभाग द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से अगला कदम उठाया जाएगा। दूसरी ओर गांव मालोनी के ग्रामीणों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से कार्बेट टाइगर रिजर्व की सीमा पर सोलर फेंसिंग लगाए जाने की मांग की है। गांव निवासी किसान राम सिंह का घर यहीं है, जिसमें पशुशाला भी है।

मंगलवार सुबह राम सिंह की पत्नी जीतकौर पशुशाला में दूध निकालने के लिए जा रही थी। इसी दौरान अचानक भैंस ने रस्सा छुड़ा लिया और वह गन्ने के खेत की ओर भाग गई। महिला ने उसका पीछा किया लेकिन तभी गन्ने के खेत की ओर से आए बाघों के झुंड ने भैंस को निवाला बना लिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण और परिवार वाले भी पहुंचे, जिन्होंने लाठी-डंडे के साथ शोर मचाया।

जिसके बाद बाघ कार्बेट टाइगर रिजर्व की ओर भाग गए। प्रत्यक्षदर्शी महिला जीत कौर का कहना है कि बाघों की संख्या चार थी। वहीं सूचना पर कार्बेट टाइगर रिजर्व के वन दरोगा महेश चंद्र जोशी और अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के कार्यवाहक रेंजर श्याम लाल यादव वनरक्षक भोपाल सिंह, मजरुल विपिन सनी कुमार आदि के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने मौके पर पंजों के निशान की जांच के बाद बाघों की संख्या चार होने की पुष्टि की है। घटना की सूचना डीएफओ बिजनौर अनिल कुमार पटेल को भी दे दी गई है। उधर, दूसरी ओर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से गांव की ओर आए बाघों के झुंड से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष सरदार मलकीत सिंह, बलकार सिंह, नानक सिंह, गुलजार सिंह, मुख्तियार, सरजीत, बलदेव सिंह आदि ग्रामीणों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की सीमा पर तत्काल सोलर फेंसिंग लगाए जाने की मांग की है। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के कार्यवाहक रेंजर श्याम लाल यादव ने बाघों की संख्या चार होने की पुष्टि की है।

उनका कहना है कि मौके पर जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि मादा बाघ के साथ चार बच्चे हो सकते हैं। दूसरी ओर इस समय प्रजनन काल भी चल रहा है, जिस कारण मादा बाघ के आसपास नर बाघ भी हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें - बिजनौर : परिजनों को बंधक बनाकर आरपीएफ जवान के घर लाखों की लूट, पुलिस महकमे में मचा हडकंप

संबंधित समाचार