अमरोहा : संदिग्ध हालात में छात्रा की मौत, मां पर हत्या का आरोप
गुस्साए रिश्तेदारों ने महिला के मित्र को पीटा, हंगामा
अमरोहा/ हसनपुर, अमृत विचार। नगर के मोहल्ला कोर्ट पूर्वी में मां के साथ किराये के मकान में रह रही छात्रा की संदिग्ध हालात में बुधवार तड़के मौत हो गई। हालांकि महिला अपने मित्र के साथ बेटी को निजी चिकित्सक के पास ले गई। मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने मां पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसके मित्र की पिटाई कर दी। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
मोहल्ला कोर्ट पूर्वी में सुशील वर्मा का परिवार रहता है। सुशील व पत्नी रानी वर्मा के बीच करीब डेढ साल से मनमुटाव चल रहा है। तभी से उनकी पत्नी बेटी खुशबू वर्मा (13) व बेटे वंश (15) के साथ पति से अगल किराये के मकान में रह रही है। खुशबू 9वीं की छात्रा थी। जिसकी बुधवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद उसकी मां ने अपने मित्र को फोन कॉल कर घर बुला लिया।
दोनों छात्रा को स्कूटी से लेकर नगर के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचे। जहां चिकित्सक ने देखते ही छात्रा को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान छात्रा के रिश्तेदार चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंच गए। उन्होंने छात्रा को जहर देकर मां पर मारने का आरोप लगाया और महिला के मित्र को उसका प्रेमी बताते हुए लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। जिससे हंगामा हो गया।
हंगामे की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह पुंडीर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस महिला व उसके मित्र को कोतवाली ले आई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। सूचना मिलनें पर छात्रा के पिता भी रोते बिलखते कोतवाली पहुंचे। यहां पिता ने बताया कि बेटी के दवा लगी हुई है, वह बीमार थी।
छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - अभिषेक कुमार यादव, सीओ
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: भारत जोड़ो यात्रा में व्यवस्था खराब होने पर भड़के नसीमुद्दीन सिद्दीकी, कांग्रेसियों को लगाई फटकार
