शाहजहांपुर: लापता कारपेंटर का तीन दिन बाद मिला शव, हत्या की आशंका
जलालाबाद, अमृत विचार। बीते गुरुवार की दोपहर जलालाबाद के धींयरपुरा रौली बौरी गाँव के राम सनेही के घर सब कुछ सामान्य था। उसका बड़ा बेटा रामखिलावन घर आया और खाना खाकर घर पर बिना कुछ बताये साइकिल से कहीं चला गया। रामखिलावन अपने पांच भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा और पेशेवर बढ़ई है। …
जलालाबाद, अमृत विचार। बीते गुरुवार की दोपहर जलालाबाद के धींयरपुरा रौली बौरी गाँव के राम सनेही के घर सब कुछ सामान्य था। उसका बड़ा बेटा रामखिलावन घर आया और खाना खाकर घर पर बिना कुछ बताये साइकिल से कहीं चला गया। रामखिलावन अपने पांच भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा और पेशेवर बढ़ई है। पिता बुजुर्ग है और घर पर ही रहते हैं।
रामखिलावन बड़ा होने के कारण परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी भी स्वयं उठाता है। वह पिता का सहयोग कर दो बहनों की शादी भी कर चुका है और अभी भी आस पास के गाँव जाकर कारपेंटरी का काम करता था। जिस कारण परिजनों को लगा कि कहीं काम पर गया होगा। लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की। आस पास गांव में ढूंढने के बाद सभी रिश्तेदारों और मिलने वालों के यहां जानकारी की।
रात भर कोई सुराग न मिलने पर सुबह सभी भाई और बूढ़ा बाप रामखिलावन को ढूंढने के लिए निकल गए। शुक्रवार शाम पुलिस को इस बात की सूचना दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। शनिवार की सुबह लगभग 9 बजे जब ग्रामीण सड़क पार रोजी पब्लिक स्कूल की तरफ पहुँचे तो स्कूल के आगे सुरेश लाला के धान लगे पानी भरे खेत मे एक शव दिखाई दिया। क्षेत्र में रामखिलावन के गायब होने की सूचना सभी को थी। पहनावा देख शव रामखिलावन का लग रहा था। ग्रामीणों ने रामखिलावन के घर पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही उसका चाचा सुमेर मौके पर पहुँचा और शव की शिनाख्त रामखिलावन के रूप में की। सूचना पर सीओ एमएस रावत ने कोतवाल धीरेंद्र सिंह चौहान के साथ मय फोर्स मौके पर पहुँच कर जायजा लिया और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने शव देख कर हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कल शाम तक यहां कुछ भी नहीं था देर रात या सुबह किसी ने हत्या कर शव यहां फेंका है। क्षेत्राधिकारी के पूछने पर परिजनों ने किसी भी तरह की रंजिश होने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस ने मृतक के चाचा सुमेर की तहरीर पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी ग्रामीण ने भी किया निरीक्षण
रामखिलावन की हत्या कर शव फेंके जाने के आरोप की बात सुनकर एसपी ग्रामीण अपर्णा गौतम ने भी मौके पर पहुँच कर निरीक्षण किया और परिजनों से बात कर जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया। सीबीएसई स्कूल के पास की घटना होने के कारण स्कूल के गेटमैन से भी पूछताछ की। साथ ही कोतवाल को वहां के सीसीटीवी कैमरों को चेक करने के भी निर्देश दिए। अपर्णा गौतम ने बताया कि फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता लगेगा। यदि परिजनों के आरोपो में जरा भी सच्चाई निकली तो जल्द खुलासा किया जाएगा।
रामखिलावन की साइकिल का नहीं लगा सुराग
गुरुवार को रामखिलावन घर से साइकिल लेकर निकला था तीसरे दिन रामखिलावन का शव तो मिल गया मगर साइकिल अभी भी लापता है। परिजनों का कहना है कि अगर रामखिलावन खुद वहां गया होता तो आस पास कहीं साइकिल भी मिल गई होती मगर जिस खेत मे रामखिलावन का शव मिला है वहां आस पास कुछ भी सुराग नहीं मिला है। छानबीन में भी अब तक पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग सका। ग्रामीणों का मानना है कि इस मामले में रामखिलावन की साइकिल उसकी मौत की गुत्थी सुलझा सकती है।
मिर्गी के दौरे का मरीज था रामखिलावन
परिजनों ने बताया कि रामखिलावन को बचपन से मिर्गी के दौरे की बीमारी थी। मगर यह उसकी मौत का कारण नहीं हो सकती। अगर दौरा आने की वजह से रामखिलावन खेत मे गिरा होता तो उसकी साइकिल वहीं कहीं आस पास पड़ी होती मगर सबसे बड़ा सवाल यह कि वह खेत मे करने का क्या गया होगा।
