अयोध्या: ओपेन लाइट व साउंड से लैस होंगे पौराणिक कुंड
रामनगरी के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के कुंडों का भी होगा जीर्णोद्धार
अमृत विचार, अयोध्या। अयोध्या की पौराणिकता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए प्रदेश की योगी सरकार विकास की कई योजनाएं संचालित कर रही है। सड़कों के चौड़ीकरण के साथ ही अब पौराणिक कुंडों के जीर्णोद्धार के साथ ही उन्हें ओपेन लाइट एवं साउंड सिस्टम से लैस किए जाने की योजना बनाई जा रही है। जिसमें रामनगरी के अग्निकुंड, सीता कुंड, खुर्ज कुंड, सूर्य कुंड के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के कुंडों को भी संवारने की योजना बनाई गई है।
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि राममंदिर निर्माण के साथ ही अयोध्या में रामपथ, भक्तिपथ व जन्मभूमि पथ के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। सड़कों का चौड़ीकरण कर यात्रियों के लिए सुविधायुक्त बनाने जाने के साथ अब पौराणिक कुंड का जीर्णोद्धार किया जाना है। इन कुंडों को ओपेन लाइट व साउंड प्रोग्राम से लैस किया जाएगा ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को अयोध्या की पौराणिकता का अहसास हो सके।
बेहतर की जा रही है यातायात कनेक्टिविटी
उन्होंने बताया कि पर्यटकों को अयोध्या पहुंचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए यातायात कनेक्टिविटी को बेहतर किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे स्टेशन के निर्माण से लेकर एयरपोर्ट के निर्माण के साथ अंतरराष्ट्रीय बस स्टेशन का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। वहीं कम्युनिकेशन व ट्रांसपोर्टेशन की भी बेहतर व्यवस्था की जा रही है।
फसाड लाइट से सुसज्जित होगी राम की पैड़ी
जिलाधिकारी ने बताया कि राम की पैड़ी को पूरी तरह फसाड लाइटों से सुसज्जित किया जाना है। अभी फिलहाल एक मिडिल पोर्शन में ही फसाड लाइट का कार्य किया गया है। उसका लगातार अवलोकर कर मंथन किया जा रहा है ताकि चीजों को बेहतर किया जा सके। उन्होंने बताया कि पूरी राम की पैड़ी को वर्ष 2023 तक फसाड लाइट से सजाने का लक्ष्य है। साथ ही लाइट व साउंड लगाने की तैयारी है।
रामपथ पर बिजली आपूर्ति बहाल न होने से लोग परेशान
पिछले 15 दिनों से रामपथ पर हो रही तोड़फोड़ को लेकर विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई है। जिसके कारण स्थानीय लोग परेशान हैं। शीतलहरी व ठंड से बचने के लिए लोग अपने घरों को सुरक्षित तो कर रहे हैं लेकिन विद्युत आपूर्ति बहाल न होने के कारण उन्हें दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। अयोध्या निवासी श्रवण गुप्त ने बताया कि दुकानें टूट जाने से मकान भी खुल गया है। अब उसे बंद करने और घरों को ठीक कराने के लिए बिजली और पानी बहुत ही जरूरी है।
ये भी पढ़ें -सुल्तानपुर: दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे, 10 घायल
