लखनऊ: मदरसाें में शुक्रवार की छुट्टी रविवार को किए जाने के प्रस्ताव पर विवाद
अमृत विचार, लखनऊ। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को ‘उत्तर प्रदेश अशासकीय अरबी और फारसी मान्यता प्रशासन एवं सेवा विनियमावली-2016’ में जरूरी संशोधन और बदलाव के सिलसिले में एक बैठक बुलाई गई थी। इसमें कई प्रस्ताव पेश किए गए, लेकिन शुक्रवार की छुट्टी के बदले रविवार को छुट्टी किए जाने के प्रस्ताव को तूल दिया जा रहा है जिसका मदरसा बोर्ड कड़े शब्दों में खंडन करता है। जावेद के मुताबिक, बैठक में मदरसों में शुक्रवार के बजाय रविवार को साप्ताहिक छुट्टी किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। बहुत दिनों से मदरसों से जुड़े लोगों की ओर से ऐसी मांग भी की जा रही थी। हालांकि, बैठक में कई मदरसों के प्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव का विरोध भी किया।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि संभवतः पूरे देश के मदरसों में शुक्रवार को ही साप्ताहिक अवकाश होता है। शुक्रवार को ही जुमे की नमाज पढ़ी जाती है, जिसका इस्लाम में विशेष महत्व है। जुमे की तैयारियों के मद्देनजर ही मदरसों में शुक्रवार को छुट्टी दी जाती है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: सेना में भर्ती के नाम पर ठगने वाला गिरफ्तार, खुद को बताता था आर्मी कैप्टन
