मेरठ : कांग्रेस कार्यकर्ता का भाई गंगा में डूबा, ऋषिकेश में करता था फ्रीलांस फोटोग्राफी
मेरठ, अमृत विचार। कांग्रेस कार्यकर्ता का भाई गंगा में नहाते समय डूब गया। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक यूट्यूबर व फ्रीलांस फोटोग्राफर था।
नहाते समय भंवर में फंसा, तलाश जारी
मेरठ में गंगानगर थाना क्षेत्र के मीनाक्षीपुरम निवासी सुनील ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र में गंगा में नहाते समय भंवर में डूब गया। दोस्त ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस व एनडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश की। लेकिन, सुनील का कोई सुराग नहीं लगा। बृहस्पतिवार सुबह फिर एनडीआरएफ ने तलाशी अभियान चलाया।
पूर्व पार्षद व कांग्रेस कार्यकर्ता का है भाई
कसेरूखेड़ा के पूर्व पार्षद व कांग्रेस कार्यकर्ता सुशील सैनी का सुनील सैनी (25) पुत्र स्वर्गीय सुरेश सैनी छोटा भाई है। सुनील ऋषिकेश में रहकर फ्रीलांस फोटोग्राफी करता था। साथ ही वह यूट्यूब पर भी था।
योगा के फोटो कर रहा था शूट
परिजनों के मुताबिक सुनील ऋषिकेश में रहकर योगा के फोटो शूट कर रहा था। बुधवार को वह अपने दोस्त के साथ मुनि की रेती थाना क्षेत्र के तपोवन में साईं घाट पर नहाने गया था। तैरते समय वह भंवर में फंस गया। जिससे, वह डूब गया। जानकारी मिलने पर परिजन ऋषिकेश के लिए रवाना हो गए। परिजनों के मुताबिक, सुनील ने आईआईएमटी यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी व एमजेएमसी की पढ़ाई की है।
ये भी पढ़ें : मेरठ : कोहरे में लगाए ब्रेक, संतुलन बिगड़ा, कार पलटने से मंत्री के भांजे की मौत
