संभल: वाहन चालक से मारपीट पर एआरटीओ कार्यालय में हंगामा
संभल- मुरादाबाद मार्ग पर पीटीओ ने महिंद्रा पिकअप का काटा चालान, सिपाही पर चालक से मारपीट करने का लगाया आरोप
एआरटीओ कार्यालय में हंगामा करते लोग।
संभल, अमृत विचार। संभल एआरटीओ कार्यालय पर गुरुवार की दोपहर खासा बखेड़ा हो गया। अपने साथियों के साथ पहुंचे गाड़ी चालक ने चालान के बाद पीटीओ (यात्री कर अधिकारी)के हमराह पर मारपीट करने का आरोप लगाया। हंगामा बढ़ने पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। शोर-शराबा होने पर पहुंचे एआरटीओ प्रवर्तन ने आक्रोशित लोगों को समझाकर मामले को शांत कराया।
दरअसल, पीटीओ आबदीन अहमद गुरुवार को संभल-मुरादाबाद मार्ग पर सिरसी रेलवे क्रासिंग के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मैनाठेर निवासी इंतजार खाली महिंद्रा पिकअप को लेकर पहुंचा। जिस पर टीम ने उसे रोककर गाड़ी के कागज मांगे। खामियां मिलने पर गाड़ी का चालान कर दिया गया। कुछ देर बाद चालक इंतजार और कुछ लोग एआरटीओ दफ्तर पहुंचे।
लोगों ने पीटीओ के हमराह सिपाही पर चालक से मारपीट और गाली गलौज करने का आरोप लगाकर हंगामा शुरु कर दिया। भीड़ इकट्ठा होने पर एआरटीओ प्रवर्तन अम्बरीश कुमार मौके पर पहुंचे। एआरटीओ प्रवर्तन ने आक्रोशित लोगों की बात सुनते हुए समझाया तो नोकझोंक के हालात भी बने। हालांकि समझाने पर बाद में लोग शांत हो गए।
ये भी पढ़ें:- संभल : रायसत्ती तीर्थ पर भूमि कब्जामुक्त कराने पर हंगामा, महिला ने रोकी एसडीएम की गाड़ी
