शाहजहांपुर: दवा पिलाने के बाद दुधमुंहे की मौत, निजी अस्पताल में हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डायरिया और उल्टी से परेशान था 8 माह का मासूम

शाहजहांपुर, अमृत विचार। शहर के अजीजगंज क्षेत्र में स्थित निजी हास्पिटल में आठ माह के दुधमुंहे बच्चे को दवा पिलाने के कुछ देर बाद ही हालत बिगड़ने से मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव मिश्रा पर लापरवाही से बच्चे की जान ले लेने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर परिवार वालों को समझाकर शांत करवाया और बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया।

कोतवाली चौक क्षेत्र में स्थित मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी अर्पित मिश्रा के आठ माह के पुत्र अंश मिश्रा को पिछले दो-तीन दिनों से उल्टी और दस्त आ रहे थे। गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे अर्पित अपने बच्चे को लेकर हास्पिटल गया, जहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव मिश्रा ने बच्चे को देखा और भर्ती कर लिया।

पिता अर्पित के अनुसार, बच्चे को एक ड्रॉप से दवाई पिलाई गई। चंद मिनट बाद ही बच्चे को उल्टी हुई और उसके मुंह से झाग निकलने के साथ वह निढाल हो गया। आरोप है कि दवाई पिलाने के बाद बच्चे की हालत और अधिक खराब हो गई। उन्होंने डाक्टर व स्टाफ को इसकी जानकारी दी तो बच्चे को आईसीयू में ले जाया गया और फिर बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मृत्यु की सूचना मिलते ही परिवार वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे अस्पताल में अफरातफरी मच गई। अस्पताल के स्टाफ ने कोतवाली को फोन पर सूचना दी। सूचना पर सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह और प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह अस्पताल पहुंच गए और परिवार वालों को शांत कराया। बच्चे के पिता अर्पित मिश्रा ने अस्पताल के डॉक्टर व स्टाफ के खिलाफ तहरीर दी। 

डॉक्टर बोले, लापरवाही का आरोप निराधार
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव मिश्रा ने लापरवाही आरोप निराधार बताया है। उनका कहना है कि जैसे ही बच्चे को लाया गया। उन्होंने उसका इलाज शुरू किया। उल्टी न हो, इसके लिए ड्राप पिलाया, जिससे तबियत बिगड़ने का सवाल ही नहीं उठता। बच्चा पिछले कई दिनों से बीमार था और शहर के एक अन्य अस्पताल में भी उसका इलाज कराया गया था।

अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चे की मौत हुई है। बच्चे के पिता की ओर से तहरीर मिली है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले की जांच के आधार पर अगली कार्यवाई की जाएगी---योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक- कोतवाली चौक।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

कानपुर में लोन डिफॉल्ट पर एक्शन : बैंक ने लगाया लैदर फैक्ट्री पर ताला, बकाया न चुकाने पर लिया कब्जा
Barabanki News: श्रावण से पहले शिव मंदिरों की विद्युत सुरक्षा दुरुस्त करने के निर्देश, डीएम बोले- लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी
NEET विवाद: सरकार-CJP वार्ता के बाद बढ़ी उम्मीदें, सरकार ने मानी 3 में से 2 मांगे; क्या होगा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा?
Gonda News:चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म
CJP Protest: सीजेपी-सरकार वार्ता खत्म, तीन प्रमुख मांगें सरकार के सामने रखीं; धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर फैसला कल संभव