बरेली: डंपर ने बिजली के खंभे तोड़े, कई इलाके अंधेरे में डूबे
टक्कर लगने के बाद टला बड़ा हादसा, सुबह कर्मचारियों ने मौके पर जाकर फाल्ट को कराया ठीक
बरेली, अमृत विचार। बीसलपुर रोड स्थित डोहरिया मोड़ पर बुधवार की देर रात अनियंत्रित गति से दौड़ रहे डंपर ने बिजली के कई खंभों में टक्कर मार दी। इससे खंभे बिजली तारों के साथ गिर गए। कई खंभों के गिरने के दौरान करंट फैलने की आशंका से नजदीक से निकल रहे लोगों में भगदड़ मच गई और वाहनों के पहिये थम गए।
ये भी पढ़ें - बरेली: एक करोड़ से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की दीवारें पर होगी थ्रीडी पेंटिंग
दोनों तरफ ट्रैफिक रुकने से जाम लग गया। तार टूटने के कारण डंपर में भी करंट आ गया, लेकिन अचानक हुए हादसे से लाइन ट्रिप हो गई। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। कई खंभों के टूटने से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। घटना के बाद डंपर को छोड़कर चालक और परिचालक फरार हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंचीं।गुरुवार को दिनभर बिजली लाइन दुरुस्त करने को काम हुआ।
विद्युत उपकेंद्र हरुनगला के डोहरिया मोड़ पर बुधवार की देर रात 11केवी लाइन से डंपर टकरा गया। डंपर की तेज गति होने की वजह से तार में इतना जोर झटका लगा कि आसपास के दोनों खंभे गिर गए। ट्रक में कुछ सेकंड के लिए करंट भी दौड़ा लेकिन उपकेंद्र पर लगी रिले की सही कार्य करने की वजह से लाइन ट्रिप हो गई।
समय से लाइन ट्रिप होने से हादसा बच गया। जिसके बाद टीपीनगर, जेबी ग्रीन, नवदिया और अन्य इलाकों समेत 300 से अधिक घरों में बिजली गुल हो गई। एसडीओ हरुनगला आरजे वर्मा ने बताया कि डंपर की टक्कर लगने के बाद तार और बिजली के पोल सड़क पर आ गिरे थे। जिससे कुछ देर के लिए रास्ता बंद हो गया था।
कर्मचारियों ने मौके पर जाकर क्रेन की मदद से खंभों को हटाया। उसके बाद जेबी ग्रीन और टीपीनगर को छोड़कर अन्य जगह पर बिजली की सप्लाई को शुरू करा दिया गया था। गुरुवार की सुबह के बिजली के नए खंभे लगाकर तार खींचकर गुरुवार की देर शाम तक बिजली की सप्लाई को शुरू करा दिया गया।
महानगर समेत कई क्षेत्रों में दिन में 5 घंटे से अधिक बिजली गुल: महानगर इलाके में गुरुवार को 5 घंटे से अधिक की बिजली कटौती की गई। बिजली नहीं आने से मुंशीनगर, सरदार जी कॉलोनी, आकांक्षा एंक्लेव और सनसिटी समेत अन्य जगह पर उपभोक्ता परेशान होते रहे।
इसके अलावा स्मार्ट सिटी के काम के तहत कुतुबखाना विद्युत उपकेंद्र से पोषित फीडर कोहाड़ापीर, सिविल लाइंस प्रथम विद्युत केंद्र से पोषित फीडर बेसू टू एवं हेड पोस्ट आफिस, हेलन रोड और सिविल लाइंस द्वितीय विद्युत उप केंद्र से पोषित फीडर कमल टाकिज की विद्युत आपूर्ति गुरुवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बाधित रही।
कटौती होने से गांधी उद्यान से शाहमतगंज पुल तक, चौकी चौराहे से हेड पोस्ट आफिस तक, गांधी उद्यान से अयूब खां चौराहे समेत अन्य जगह पर बिजली का संकट रहा। गुरुवार को सुभाषनगर और किला इलाके में भी बिजली कटौती होने से उपभोक्ता परेशान हुए।
बकाया बिजली बिल पर काटे गए 17 कनेक्शन: बिजली विभाग की टीम ने मठ की चौकी क्षेत्र में उपखंड अधिकारी गौरव शर्मा की टीम ने बिजली बकायेदारों से राजस्व वसूली के लिए 17 संयोजन काटे गए। जिन उपभोक्ताओं द्वारा मौके पर बिल जमा किए गए उनके संयोजन नहीं काटे गए। अधिशासी अभियंता अनुज कुमार गुप्ता ने बताया कि बिजली चोरी और बकाया बिल के लिए उनकी टीम का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें - बरेली: एसआरएमएस सीईटीआर में गेस्ट लेक्चर आयोजित
