जल्द संचालित करें 100 बेड का बिरसिंहपुर अस्पतालः सीडीओ
अमृत विचार, जयसिंहपुर, सुल्तानपुर। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक ने बिरसिंहपुर में नवनिर्मित 100 बेड के अस्पताल का निरीक्षण किया। सीडीओ ने अस्पताल का कार्य पूर्ण दिखाई देने पर जल्द से जल्द स्वास्थ्य कर्मियों को संचालन के निर्देश दिए। बताते चलें अभी हाल में ही स्वास्थ्य सेवाओं को संचालित करने के लिए नर्सों की तैनाती की गई थी। इसके करीब एक साल पहले ही सीएमएस डॉ राजकमल चौरसिया, फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय, स्वीपर आदि की तैनाती की जा चुकी है।
दो वर्ष पहले अस्पताल के संचालन के लिए करोड़ों के स्वास्थ्य उपकरण भी अस्पताल में आ भी गए हैं। फिर भी अभी तक 100 बेड के अस्पताल का संचालन नहीं हो सका। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने जयसिंहपुर विकासखंड के बिरसिंहपुर में नवनिर्मित नवीन पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया। गोवंश आश्रय स्थल बिरसिंहपुर का निरीक्षण भी आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल 95 गोवंश (28 नर एवं 67 मादा) गोवंश आश्रय स्थल में संरक्षित एवं स्वस्थ्य पाये गये।
निरिक्षण के दौरान दैनिक सत्यापन रजिस्टर पर पशुओं की संख्या को दर्ज करने के निर्देश दिए गए तथा गोवंश आश्रय स्थल के परिसर की साफ-सफाई उचित नही पायी गयी। जिसके लिए मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक ने सम्बन्धित को निर्देशित किया गया कि नियमित रूप से गोवंश आश्रय स्थल की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाय तथा गोवंशो को ठंड से बचाव हेतु त्रिपाल आदि की समुचित व्यवस्था किया जाय। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी का काफिला आगे बढ़ गया।
यह भी पढ़ें:-नेपाल में कोरोना के BF-7 वेरिएंट की पुष्टि के बाद इंडो-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट
