मेरठ में जहरीली शराब पीने से दो सगे भाइयों की मौत, परिजनों ने किया हंगामा, पुलिस व आबकारी की टीम जांच में जुटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On


मेरठ‌, अमृत विचार। गंगानगर थाना क्षेत्र के अमहैडा गांव में रविवार को दो सगे भाइयों के शव कमरे में पड़े मिले। मां ने दोनों भाइयों को मृत देखा तो शोर मचाया। मौके पर एकत्रित हुई भीड़ ने पुलिस को जानकारी दी। लोगों ने जहरीली शराब पीने से मौत होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस व आबकारी टीम जांच में जुट गई है।

ये भी पढ़ें- मेरठ: तालाब पर मिले प्राचीन सिक्के, पुरात्तव को जांच के लिए भेजे

कमरे में पड़े थे शव, मां ने देखा तो मचाया शोर
गंगानगर थाना क्षेत्र के अमहैडा निवासी मीरपाल (42) और विकास (22) पुत्र राजकुमार का गंगानगर में एक अस्पताल के सामने भी मकान है। दोनों भाइयों के गंगानगर स्थित मकान पर शव रविवार को कमरे में पड़े मिले। विकास मेडिकल का कार्य व मीरपाल बैट्री सप्लाई का कार्य करता था। रविवार सुबह दोनों के शव कमरे में मां कश्मीरी ने पड़े देखे। पहले तो उसने दोनों को उठाने का प्रयास किया। ललेकिन, शरीर में कोई हरकत ना होने पर कश्मीरी ने शोर मचा दिया। जिस, पर मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। 

लोगों का आरोप, जहरीली शराब पीने से हुई मौत
 दोनों भाइयों के मृत मिलने पर लोग एकत्रित हुए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। बताया गया है कि शनिवार रात दोनों भाइयों ने अधिक शराब पी थी। लोगों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि दोनों की जहरीली शराब पीने से मौत हुई है। आरोप है कि धड़ल्ले से अवैध शराब का कारोबार हो रहा है। 

बिहार से भी नहीं लिया सबक, आबकारी विभाग जांच में जुटा
बिहार में हाल ही में जहरीली शराब पीने से 50 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। मेरठ जिले में भी हस्तिनापुर, परीक्षितगढ़ समेत अन्य जगहों पर कच्ची व अवैध शराब बनाई जाती है। कोई हादसा होने के बाद चंद दिनों तक अभियान चलाया जाता है और फिर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। रविवार को दो सगे भाइयों की मौत होने पर आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने दोनों मृतक भाइयों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

घटना स्थल से चंद कदमों की दूरी पर शराब का ठेका
मीरपाल और विकास की मौत के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने बताया कि घटना स्थल से चंद कदमों की दूरी पर ही शराब का ठेका है। संभवत: दोनों भाइयों ने इसी ठेके से शराब खरीदकर पी होगी। वहीं, ये भी बताया कि उक्त ठेका अवैध रूप से पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बनाया गया है।

ये भी पढ़ें- मेरठ: चार माह बाद भी नहीं बनी एप्रोच रोड, अब पेटून पुल का सहारा

संबंधित समाचार