क्रिसमस पर दस गुना अधिक दर्शक पहुंचे Kanpur Zoo, जानवरों की अठखेलियां देख खूब हुए रोमांचित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में क्रिसमस पर अधिक संख्या में दर्शक चिड़ियाघर पहुंचे है।

कानपुर में रोजाना के मुताबिक क्रिसमस के मौके पर अधिक संख्या में दर्शक चिड़ियाघर पहुंचे है। सर्दी में जानवरों की अठखेलियां देखकर रोमांचित हुए है। साथ ही चिड़ियाघर आए लोगों ने खूब मनोरंजन किया है।

कानपुर, अमृत विचार। क्रिसमस संडे चिड़ियाघर में दर्शकों की बहार लेकर आया। सामान्य दिनों के मुकाबले त्योहार के इस दिन चिड़ियाघर में दस गुना से भी ज्यादा दर्शक जानवरों को देखने पहुंचे। उन्होंने जमकर लुत्फ उठाया। जानवरों की अठखेलियां देखीं और खूब मस्ती की। चिड़ियाघर में काफी संख्या में लोगों की मौजूदगी होने से वन्य प्राणी उद्यान को एक दिन में छह लाख से भी ज्यादा का राजस्व प्राप्त हुआ।

चिड़ियाघर में रविवार सुबह आठ बजे से ही लोगों का प्रवेश शुरू हो गया था। टिकटघर खुलने से पहले ही लोगों ने लाइन लगा ली। काफी लंबी लाइनें लगने की वजह से कई लोगों को टिकट पाने के लिए इंतजार करना पड़ा। देखते ही देखते भीड़ काफी बढ़ गई, जिससे चिड़ियाघर में चहलकदमी भी बढ़ गई।

कानपुर शहर के अलावा इटावा, औरैया, उन्नाव, फतेहपुर, कन्नौज आदि जिलों से भी लोग चिड़ियाघर घूमने पहुंचे थे। ज्यादातर दर्शक पक्षियों को देखने के बाद पशुओं के बाड़े में पहुंचे। भालू के घास में लोटपोट ने उन्हें खूब गुदगुदाया तो बाघ की चहलकदमी को देख दर्शक रोमाचिंत हो गए।

दर्शकों ने चिड़ियाघर में खूब आनंद लिया और काफी देर तक चिड़ियाघर भ्रमण किया। शाम छह बजे तक चिड़ियाघर में काफी भीड़ थी। रेंज ऑफिसर डीके गुप्ता ने बताया कि सामान्य दिनों में पांच सौ से एक हजार दर्शक पहुंचते हैं।

इसके अलावा रविवार के दिन दर्शकों की संख्या में बढ़ोतरी हो जाती है और करीब तीन से साढ़े तीन हजार तक दर्शक बढ़ जाते हैं। लेकिन क्रिसमस संडे के दिन दर्शकों की संख्या में कई गुना बढ़ोतरी हुई। उन्होंने बताया कि दस हजार पांच सौ से ज्यादा दर्शकर चिड़ियाघर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि इस दिन छह लाख आठ हजार रुपये का राजस्व भी चिड़ियाघर का प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि 70 रुपये प्रति व्यक्ति प्रवेश टिकट है। 

सर्दियों में जानवर भी करते हैं खूब मस्ती

सर्दियों में जानवर भी खूब मस्ती करते हैं। जिससे दर्शकों का रोमांच बढ़ जाता है। पशु चिकित्सक डॉ. अनुराग सिंह ने बताया कि सर्दी के मौसम में जानवरों में भी सुस्ती कम हो जाती है। वे मस्ती के मूड़ में रहते हैं। दिसंबर के महीने में धूप भी खूब निकल रही है, इस वजह से जानवर धूप लेने के लिए बाहर आ जाते हैं और ठंड से बचाव में दौड़ते हैं, करतब करते हैं और उनकी अठखेलियां मनोरंजन बनती हैं। 

संबंधित समाचार