अयोध्या: नगर संकीर्तन में भजन व नृत्य ने बांधा समां, निकली शोभायात्रा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। सिख समाज के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर सोमवार को खिड़की अलीबेग स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण से नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। नगर कीर्तन के साथ स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भांगड़ा की धुन पर नृत्य करते हुए समा बांध दिया। 

अवध विश्वविद्यालय के मुख्य नियंता प्रो. अजय प्रताप सिंह व सीओ सदर डॉ. राजेश तिवारी ने शोभा यात्रा को झंडी दिखा कर रवाना किया। शोभायात्रा शहर के  कसाबबाड़ा, फतेहगंज, चौक, जमुनिया बाग होते हुए वापस गुरुद्वारे पर समाप्त हुई।शोभायात्रा का जगह-जगह पर लोगों ने स्वागत किया। शोभायात्रा में हरकिशन सिंह सनम एवं उनके साथियों द्वारा भजन कीर्तन किया गया। गुरु महाराज की पालकी पर सिख समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा की। कई जगह पर प्रसाद वितरण का स्टाल लगाया गया। 29 दिसंबर को गुरुद्वारा दुखनिवारण में प्रकाश पर्व भव्य रूप से मनाया जाएगा जिसमें रागी जत्थों की ओर से भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। इस आयोजन में शामिल होने के लिए पंजाब और हिमाचल से भी सिख संगत के लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं।

पार्षद के साथ मुस्लिमों ने किया शोभायात्रा का स्वागत
समारोह के आयोजक मंडल में शामिल प्रतिपाल सिंह पाली ने बताया कि कसाबबाड़ा में पार्षद फरीद कुरैशी की अध्यक्षता में शोभायात्रा का स्वागत किया गया। रिकाबगंज में रियासत अली एवं उनके साथियों द्वारा शोभा यात्रा का स्वागत किया गया, सुभाष नगर में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों की ओर से स्वागत किया गया। शोभायात्रा में सिंधी समाज के साईं नितिन राम ,सरदार राजेंद्र सिंह छाबड़ा, गुरु चरण सिंह , जसवीर सिंह सेठी, सतनाम सिंह जब्बल ,अजीत पाल सिंह, अमनदीप सिंह वीसी, मोहम्मद शरीफ सहित अन्य लोग शामिल रहे।

ये भी पढ़ें -सुल्तानपुर: गाजे-बाजे के साथ निकाली गई अहिबरन महाराज की शोभायात्रा

संबंधित समाचार