भारत जोड़ो यात्रा में भाजपाइयों में बढ़ी बेचैनीः राजेश तिवारी
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी बैठक में पहुंचे राष्ट्रीय सचिव
अमृम विचार, सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी रहे राजेश तिवारी ने जिले में पहुंचकर कांग्रेसियों के साथ तैयारी बैठक की। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रेनू श्रीवास्तव के पति व शहर अध्यक्ष नौशाद खान के देहांत होने पर शोक संवेदना प्रकट करने उनके आवास पहुंचे। कार्यक्रम के बाद वह अगले कार्यक्रम को लेकर जौनपुर रवाना हो गए।
प्रदेश महासचिव विवेकानंद पाठक व प्रदेश सचिव जिला प्रभारी मोहम्मद अनीस खान की मौजूदगी में उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा देश में नफरत की राजनीति हो रही है। जिसे खत्म करने के लिए, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से निजात दिलाने को राहुल गांधी पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से जनता को जगाने का काम कर रहे हैं। कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा अपने 100 दिन पूरे कर चुकी है। यात्रा इस समय देश की राजधानी दिल्ली में है।
शुरुआत में राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की इस यात्रा को नजर अंदाज करने वाली भाजपा की अब धड़कनें बढ़ गई है। भारत जोड़ो यात्रा में उमड़े जनसैलाब से भाजपा खेमे में बेचौनी महसूस की जा रही है। उनके नेता उल जलूल और अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। वे कभी राहुल गांधी के टीशर्ट कभी जूते कुछ कभी कुछ देख कर अनर्गल प्रलाप कर रहे है।
आगामी निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने संगठन के सभी नेताओं को एकजुट होकर बेहतर परिणाम के लिए सामंजस्य बनाकर प्रत्याशियों का चयन करने की बात कही। इस बार प्रत्याशियों का चयन स्थानीय स्तर पर जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता में बनी कमेटी करेगी। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कांग्रेसियों की उपस्थिति में कहा करीब डेढ़ से दो सौ की संख्या में जिले से कार्यकर्ता भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने लोनी विधानसभा पहुंचेंगे।
प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में संपन्न हुई भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नितिन मिश्रा अनिल सिंह डॉक्टर देवेंद्र तिवारी को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नेता हरीश त्रिपाठी, ओपी चौधरी, कृष्ण कुमार मिश्रा, योगेश सिंह, राहुल त्रिपाठी, फिरोज अहमद, ओपी चौधरी, राजेश तिवारी, वरुण मिश्रा, सुब्रत सिंह सनी, अमोल बाजपेई आदि रहे।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: रामनवमी से पहले बनकर तैयार होगा रामपथ, डीएम ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
