अयोध्या: रामनवमी से पहले बनकर तैयार होगा रामपथ, डीएम ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। राम मंदिर निर्माण के साथ ही अयोध्या के रामपथ के चौड़ीकरण का कार्य तेज हो गया है। 31 दिसंबर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा करने के  साथ ही जनवरी में निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। नयाघाट से सहादतगंज तक लगभग 13 किमी लबे रामपथ पर पड़ने वाले मकानों व दुकानों को तोड़े जाने की कार्रवाई में तेजी लाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों का अमला डोर-टू-डोर कैंपेनिंग कर रहा है। इसके साथ अब निर्माण में कार्य में व्यापारियों की आपत्ति और उनकी समस्याओं के निदान के लिए 1 से 15 जनवरी तक तुलसी उद्यान में विशेष कैंप लगाया जाएगा।

रविवार की देर शाम जिलाधिकारी नितीश कुमार ने चौड़ीकरण के कार्य की प्रगति को लेकर रामपथ का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हर हाल में 31 दिसंबर तक यह कार्य पूरा कर लिया जाए। जिससे निर्माण कार्य को भी तय समय में शुरू किया जा सके। जानकारी के मुताबिक आने वाले रामनवमी मेला को ध्यान में रखते हुए नया घाट से टेढ़ी बाजार तक हर हाल में मार्च तक सड़क निर्माण के कार्य को पूरा कर लिया जाना है। जिसके लिए हैदराबाद की कंस्ट्रक्शन कंपनी आरएनसी को सड़क बनाए जाने की जिम्मेदारी दी गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि 13 किलोमीटर के दायरे में लगभग 23 सौ से अधिक मकान-दुकानें प्रभावित हो रहे हैं। प्रभावित लोगों को मुआवजा और विस्थापित लोगों को दुकान के एलाटमेंट दिए जा रहे हैं। जिसको लेकर व्यापारियों में कई प्रकार के समस्याएं भी बन रही हैं। इसके लिए पहले चरण में अयोध्या धाम के व्यापारियों की समस्याओं उसके निराकरण के लिए तुलसी उद्यान में कैंप लगाया जाएगा। जहां अधिकारियों के द्वारा लोगों से मिले आपत्तियों का समाधान किया जा सके।

कई दुकानों पर डीएम ने जताई आपत्ति 
अयोध्या से नयाघाट क्षेत्र में हुई चौड़ीकरण के बाद व्यापारियों की ओर से बनाए जा रहे दुकानों का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। इस दौरान कटारी मंदिर के सामने बने कई दुकानों पर उन्होंने आपत्ति भी जताई है। जिलाधिकारी के मुताबिक बताए गए दायरे से बाहर यह दुकानें बनाई गई हैं। जबकि इन्हें जानकारी दी गई थी कि 20 मीटर चौड़ी सड़क के बाद ही यह कार्य किया जाएगा। तो वहीं व्यापारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि पूर्व में निर्धारित किए गए सीमा पर ही बनाया गया है। इसमें कोई फेरबदल नहीं किया गया है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: जयंती पर अटल को दी गई काव्यांजलि, हास्य, गीत, ओज व श्रृंगार के साथ करुणा की बही रसधार

संबंधित समाचार