अयोध्या: तीर्थयात्री केंद्र की स्थापना को लेकर चिह्नित स्थल पर नींव की खोदाई शुरू
अमृत विचार, अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से प्रस्तावित तीर्थयात्री केंद्र की स्थापना को लेकर चिह्नित स्थल पर नींव खोदाई की प्रक्रिया खरमास से पहले ही शुरु कर दी गयी थी। रामलला दर्शन के वापसी मार्ग पर स्थित अरविंदो आश्रम के सामने पीएससी से खाली कराई गयी भूमि पर खोदाई का कार्य चल रहा है।
बताया गया कि तीर्थ यात्रियों के लिहाज से इस यात्री केंद्र में अलग-अलग श्रेणियों ए, बी व सी टाइप के विश्रामालय एवं शौचालयों का निर्माण होना है। इसके अलावा निःशुल्क लाकर की सुविधा भी दी जाएगी। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय के अनुसार एक लाख श्रद्धालुओं के दृष्टिगत व्यवस्थाओं का प्रावधान किया गया है। फिलहाल प्रथम चरण में 25 हजार तीर्थयात्रियों के लिहाज से निर्माण कराया जाएगा।
सुरक्षा के लिए परिसर की बाउंड्री पर लगाई जा रही डबल बैरीकेडिंग
रामजन्मभूमि के पश्चिम व दक्षिण में कुबेर टीला के नीचे पीएसी शिविर को स्थानांतरित करने के बाद सुरक्षा के लिए डबल बैरीकेडिंग का निर्माण कार्य भी शुरु कर दिया गया है। यह निर्माण कार्य शांति भवन से गोकुल भवन के बीच करीब सौ मीटर लंबाई में हो रहा है। तीर्थ क्षेत्र के न्यासी डा. अनिल मिश्र ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यहां से पीएसी कैंप को हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि पीएसी जवानों ने आवागमन के लिए बैरीकेडिंग के बीच से रास्ता खोल दिया था। इस रास्ते को भी बंद कराया जा रहा है।
उधर श्रीरामजन्मभूमि परिसर में स्थित कंट्रोल रुम व पुलिस चौकी के लिए चिह्नित स्थल पर पुराने मकानों का ध्वस्तीकरण भी शुरु हो गया है। नजूल सरकार ने करीब दस हजार वर्ग फिट भूमि पुलिस विभाग को हस्तांतरित कर दिया है। विभागीय अधिकारी बताते है कि पूर्व में यह जमीन पर्यटन विकास के लिए पर्यटन विभाग को आवंटित की गयी थी लेकिन विभाग ने इसका उपयोग नहीं किया। इसके चलते जमीन नजूल को पुनः वापस हो गयी। खाली जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध निर्माण कर आवास भी बना लिया था जिसे हटा दिया गया है।
यह भी पढ़ें;-मेरठ में स्कूल-कॉलेजों में 1 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश
