हरदोई: पिहानी ब्लॉक प्रमुख के भाई और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, सड़क पर की थी पिटाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। ब्लॉक प्रमुख पिहानी के भाई ने अपने साथियों के साथ पहले तो बीच सड़क पर बुरी तरह से पिटाई की और कोतवाली में घुस कर पुलिस के सामने काफी गाली-गलौज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ,साथ ही भाजपा विधायक ने इस मामले पर फेसबुक पर पुलिस की खिंचाई की। उसके बाद एक्शन में आए एसपी ने मामला दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख के भाई व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

बताते चलें कि 25 दिसंबर को पिहानी कस्बे के मोहल्ला मुरीदखानी निवासी गुड्डू राठौर पुत्र हेमनाथ के पुत्र नीशू को कस्बे में तीन बंदर पार्क के पास गाड़ी के भिड़ जाने पर पहले तो गाली-गलौज की गई। उसके बाद बुरी तरह पिटाई कर दी गई थी। गुड्डू राठौर का कहना है कि वह मामला दर्ज कराने के लिए कोतवाली पहुंचा, वहां पहुंचे ब्लाक प्रमुख के चचेरे भाई तुषार बाजपेई और उसके साथियों ने पुलिस के सामने सिर्फ गाली-गलौज ही नहीं की बल्कि मार डालने की धमकी भी दी।

पिटाई और कोतवाली में की गई गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेज़ी से वायरल हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने फेसबुक के अपने अकाउंट पर पुलिस को पंगु बताते हुए उसे खूब खरी-खोटी कह डाली।

इसके बाद हरकत में आई पिहानी पुलिस ने ब्लाक प्रमुख के चचेरे भाई तुषार बाजपेई के अलावा अपर्ण शर्मा, आज़ाद बाजपेई,अगोचर शर्मा,अभय बाजपेई, प्रशांत बाजपेई,लव बाजपेई व उनके 25 से 30 लोगों के खिलाफ धारा 147/336/323/504/506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसकी जांच एसआई रजनीश त्रिपाठी को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें:-रायबरेली: आग लगने से दो घरों की गृहस्थी जलकर खाक, सो रहे लोगों ने भागकर बचाई जान

संबंधित समाचार