रायबरेली: आग लगने से दो घरों की गृहस्थी जलकर खाक, सो रहे लोगों ने भागकर बचाई जान
अमृत विचार, सतांव (रायबरेली)। रात में अज्ञात कारणों से लगी आग के कारण दो घरों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई है। गहरी नींद में सो रहे परिजनों ने भाग कर अपनी जान बचाई है। ग्रामीणों ने मिलकर किसी प्रकार आग पर काबू पाया है। यह घटना मंगलवार की रात गुरुबक्सगंज थाना क्षेत्र के गांव बरदरपुर में हुई है ।गांव के रहने वाले कृपाल लोधी के घर में रात करीब एक बजे अचानक आग लग गई।
उस समय पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। धीरे-धीरे आग ने जब विकराल रूप धारण किया तब परिजनों की आंख खुली। उसके बाद घर में सो रहे सभी लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई है। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर गांव के अन्य लोग भी जान गए और तत्काल दमकल को फोन किया गया।
लेकिन आपातकालीन अग्नि सेवा फोन रिसीव नहीं हुआ। उसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर समरसेबल के माध्यम से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान पड़ोस के राम आसरे के घर को भी आग ने अपनी आगोश में ले लिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया है। तब तक दोनों घरों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। अग्निकांड में लाखों की क्षति हुई है।
यह भी पढ़ें:-बदायूं : लड़की को अगवा करने के मामले में फरार युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या
