अयोध्या परिक्षेत्र में सबसे अधिक दिल्ली-फैजाबाद ट्रेन में होती है चेन पुलिंग, इस साल 34 लोगों पर हुआ जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। अयोध्या रेलवे परिक्षेत्र में बेशक इस साल चेन पुलिंग की घटनाओं में काफी कमी आई हो, लेकिन वीआईपी ट्रेन दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस के साथ ऐसी घटनाएं अमूमन होती रहती हैं। वापसी में ट्रेन के लेट होते ही रुदौली स्टेशन के पास से चेन पुलिंग की घटनाएं प्रकाश में आती हैं, जिससे न सिर्फ ट्रेन की रफ्तार थम जाती है बल्कि ट्रेनों के ब्रेक शू जल्द घिस जाते हैं।

अयोध्या रेलवे परिक्षेत्र रौजागांव से बिल्हार घाट व अयोध्या कैंट से मसौधा तक लगभग 60 किमी का है। इस वर्ष परिक्षेत्र में अब तक चेन पुलिंग की 34 घटनाएं ही सामने आई हैं। इनमें 34 लोगों को पकड़ा गया और एक-एक हजार का जुर्माना भी किया गया है। एक बार चेन पुलिंग से ट्रेन को दोबारा रफ्तार पकड़ने में दस से 17 मिनट तक लगते हैं। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के आरपीएफ प्रभारी एसके सिंह ने बताया कि प्रत्येक कोच में चेन दी गई है। 

चेन का प्रयोग आपातकाल में करने की छूट है, लेकिन अक्सर यात्री अपनी सुविधा के लिए इसका प्रयोग कर रहे हैं। नियमानुसार यह गलत है। इस वर्ष 34 लोगों पर जुर्माना किया गया है। ट्रेन नंबर 14206 के लेट होने पर लोग चेन पुलिंग करते हुए पकड़े गए हैं। हालांकि हमारी टीम हमेशा निगरानी करती है। इसके लिए रुदौली समेत दो जगहों पर आरपीएफ चौकियां बनाई गई हैं।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: अब ग्राम पंचायत योजना में लाभार्थी व परिवार का दर्ज होगा ब्योरा, इस नई पहल से लाभार्थियों को मिलेगा लाभ

संबंधित समाचार