Farrukhabad : विवादित जमीन की पैमाइश के बाद चिह्नांकन को लेकर हुआ विवाद, जेसीबी के आगे बैठीं महिलाएं, पुलिस से धक्कामुक्की
फर्रुखाबाद में जेसीबी के आगे महिलाएं बैठी है।
फर्रुखाबाद में विवादित जमीन की पैमाइश के बाद चिह्नांकन को लेकर विवाद हुआ है। इस पर महिलाएं जेसीबी के आगे बैठी है। साथ ही पुलिस से भी धक्कामुक्की की है।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। विवादित जमीन की पैमाइश के बाद चकरोड की जमीन खोदाई कर चिह्नांकन के लिए जेसीबी के आते ही महिलाएं उसके आगे बैठ गई। बसपा व सपा नेता ने समर्थकों के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनको हटाने गए पुलिस कर्मियों से नोकझोंक होने बाद धक्कामुक्की होने लगी। पुलिस ने सभी को पकड़ कर एक किनारे कर दिया और जेसीबी से खोदाई करा दी। बसपा व सपा नेता ने प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाकर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
शहर के नेकपुर निवासी बसपा नेता विजय कटियार व अजय कटियार की बुआ पूर्व सभासद माधुरी कटियार का चांदपुर गांव में प्लाट है। उन्होंने प्लाट का कुछ हिस्सा वर्ष 2016 में मालतीदेवी पत्नी नामकचंद्र को बेच दिया था। अभी कुछ हिस्सा वहां पड़ा है। उनके प्लाट के पीछे अरविंद पांडेय की जगह है। उन्होंने संपूर्ण समाधान में माधुरी कटियार व अन्य लोगों पर चकरोड की जमीन कब्जा कर अपने प्लाट में जोड़ने का आरोप लगाया था।
सुनवाई न होने पर अरविंद पांडेय ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर चकरोड की जमीन कब्जा मुक्त कराने की मांग की। डीएम के आदेश पर मंगलवार को अतिरिक्त एसडीएम यदुवंश कुमार, नायब तहसीलदार सदर अनवीर हुसैन, नायब तहसीलदार कायमगंज सनी मनौजिया और पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने चकरोड की पैमाइश कराई। इसको लेकर बसपा नेता, उनकी बुआ व प्लाट खरीदने वाली मालती देवी व सपा नेता महेंद्र कटियार ने विरोध कर दिया। पुलिस ने सभी को किराने कराकर पैमाइश कराई।
इसके बाद चकरोड की जमीन चिह्नित कर खोदाई कराने के लिए जेसीबी मंगाई गई। जेसीबी के आते ही बसपा नेता की बुआ पूर्व सभासद माधुरी कटियार व मालती देवी उसके आगे बैठ गई। उनके ऊपर से जेसीबी निकालने की बात कहीं, वहीं माधुरी कटियार का पुत्र विकास कटियार और बसपा नेता विजय कटियार ने विरोध करना शुरू कर दिया। सभी को हटाने को लेकर नोकझोंक के बाद धक्कामुक्की होने लगी। महिला पुलिस कर्मी जेसीबी के आगे बैठी महिलाओं को पकड़ कर ले गई और पुलिस कर्मियों ने बसपा, सपा नेता व अन्य लोगों को वहां से हटाया।
इसके बाद जेसीबी से चकरोड की खोदाई कराई गई। बसपा नेता विजय कटियार ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पैमाइश और चकरोड की खोदाई कराने के दौरान काफी पुलिस बल तैनात रहा।
धरना प्रदर्शन व आत्मदाह की दी चेतावनी
विवादित जमीन पर मालती देवी के भाई नानकचंद्र का प्लाट है। जिसका बैनामा कराया था। उनकी जमीन से चकरोड निकालने को लेकर नानकचंद्र के भाई सुशील कुमार ने धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यह प्रशासन का उत्पीड़न है। वह लखनऊ में जाकर धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो आत्मदाह भी करेंगे।
