संभल: प्रसव के बाद नवजात की मौत पर हंगामा, स्वास्थ्य कर्मियों पर रुपये का मांगने का आरोप
संभल/जुनावई, अमृत विचार। प्रसव के बाद नवजात की मौत पर प्रसूता के परिजनों ने लापरवाही बरतने और स्वास्थ्य कर्मियों पर रुपये मांगने का आरोप लगाकर हंगामा किया। मामले में कार्रवाई के लिए थाना पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने कार्रवाई के लिए शव पोस्टमार्टम को भेजने के लिए कहा तो परिजनों ने इंकार कर दिया। हंगामे के कारण काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जुनावई थाना क्षेत्र के गांव मैंढ़ली के विनोद कुमार ने पत्नी कंचन देवी गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार को सुबह उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया । आरोप है कि ड्यूटी स्टाफ नर्स ने रुपयों की मांग की। इस बीच महिला ने बेटे को जन्म दिया। विनोद कुमार रुपयों की व्यवस्था करके घर से वापस लौटा तो मालूम हुआ कि नवजात की मौत हो चुकी थी।
इसके बाद प्रसूता के परिजन भड़क गए और हंगामा करने लगे। वह स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने और रुपये मांगने का आरोप लगा रहे थे। सीएचसी परिसर में हंगामा होने से अफरा-तफरी का माहौल हो गया। परिजनों ने प्रदर्शन कर स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे। जांच पड़ताल के बाद नवजात का पोस्टमार्टम कराने की बात कही तो परिजनों ने इंकार कर दिया।
सीएमओ को भेजी जाएगी रिपोर्ट
संभल। सीएचसी प्रभारी डॉ. दिवाकर गुप्ता ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रसव कराया था। समय से पहले प्रसव होने पर कमजोर नवजात की 20 मिनट बाद ही मौत हो गई। जीएनएम और स्टाफ नर्स पर अवैध वसूली को लेकर जो आरोप लगे हैं। इसका संज्ञान लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अवगत कराया जाएगा। वहीं जुनावई थाना प्रभारी पुष्कर मेहरा ने कहा कि पीड़ित ने स्टाफ नर्स पर अवैध वसूली तथा लापरवाही का आरोप लगाकर थाने में शिकायत की थी। पीड़ित पक्ष ने नवजात का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस वापस लौट आई।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : चोरों ने बनाया मोबाइल टावर को निशाना, 24 बैटरी चोरी
