मुरादाबाद: पंजाब से बिहार भेजी जा रही दारू की अवैध खेप बरामद, ट्रक छोड़ फरार हुआ चालक
आबकारी विभाग व पाकबड़ा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में शराब माफिया के खेल का भंडाफोड़
मुरादाबाद, अमृत विचार। ट्रक में छिपाकर बिहार भेजी जा रही पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप मंगलवार देर रात पाकबड़ा पुलिस ने बरामद कर लिया। आबकारी विभाग की टीम व पुलिस को चकमा देकर ट्रक चालक भागने में कामयाब हो गया। ट्रक मालिक व चालक के खिलाफ धोखाधड़ी आबकारी अधिनियम के तहत पाकबड़ा पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
फगवाड़ा थाना प्रभारी मोहित चौधरी के मुताबिक रात करीब 11 बजे आबकारी विभाग से सूचना मिलेगी पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप अवैध तरीके ट्रक में छिपाकर बिहार भेजी जा रही है। दिल्ली की ओर से बरेली की तरफ बढ़ रहे ट्रक को दिल्ली रोड स्थित जीरो प्वाइंट पर पुलिस ने रोकने की कोशिश की।
पुलिस को देख चालक ट्रक लेकर भागने की कोशिश करने लगा। आबकारी विभाग की मदद से पुलिस ने वाहन को चारों तरफ से घेर लिया। अफरातफरी के बीच चालक हाईवे किनारे ट्रक छोड़ कर फरार हो गया। वाहन से बरामद ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर चालक की पहचान गोदा राम निवासी राजस्थान के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस व आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से ट्रक की तलाशी लेनी शुरू की। छानबीन में पता चला कि ट्रक के ऊपर 180 बोरी खील लदी है। पुलिस ने ट्रक से बोरियों को नीचे उतरवाया। तब ट्रक के भीतर अंग्रेजी शराब की भारी खेप मिली।
पंजाब निर्मित 350 पेटी मैकडावेल व 100 पेटी एम्पीरियल ब्लू ट्रक में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया। वाहन से पुलिस ने चालान के कागजात भी बरामद कर लिया। कागजात की पड़ताल में पता चला चालान में हेराफेरी व धोखाधड़ी की गई है।
वाहन चालक व ट्रक मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी व आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने ट्रक सीज कर दिया। फरार चालक की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। ट्रक बरामद करने वाली टीम में पुलिस के अलावा आबकारी इंस्पेक्टर सिद्धार्थ विक्रम सिंह, शिखर श्रीवास्तव आदि आबकारी विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: नियमित शराब पीने वालों को गिरफ्तार कर करें कार्रवाई- सांसद डॉ. एसटी हसन
