बिजनौर: धर्मपरिवर्तन नहीं करने पर सिख की पगड़ी उतार काटे बाल, चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर, अमृत विचार। ईसाई मिशनरी द्वारा क्षेत्र में धर्म परिवर्तन की खबर पर हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ थाने पहुँचकर प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। साथ ही हिन्दू जागरण मंच द्वारा पुलिस से क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे धर्म परिवर्तन के मामलों पर पूर्णतः रोक लगाने  एवं ईसाई मिशनरी चलाकर धर्म परिवर्तन कराने वाले लोगो के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की। 

मंगलवार को हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने थाना क्षेत्र के ग्राम चंपतपुर चकला, मदपुरी, भोगपुर, वीरभानवाला आदि गांवों के कई ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर ईसाई मिशनरी के नाम पर लोगों का धर्म परिवर्तन कराने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही क्षेत्र में हो रहे धर्म परिवर्तन पर पूर्णतः रोक लगाने की मांग भी गई।

हिन्दू जागरण मंच के जिला संयोजक अंशुल आर्य के नेतृत्व में सिख समुदाय के लोगों द्वारा थाने पर प्रदर्शन करते हुए गांव के कुछ लोगों पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी अनुज कुमार तोमर को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की।

महेंद्र सिंह पुत्र भगवान सिंह निवासी ग्राम चंपतपुर चकला द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि उसका पुत्र गुरप्रीत सिंह गत 14 दिसम्बर 2022 को जब ग्राम भोगपुर से अपने घर वापस आ रहा था उसी समय बीच रास्ते में घात लगाए बैठे बलवीर सिंह उर्फ बंगाली पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी ग्राम मदपुरी, मंगल सिंह, छिंदर सिंह,अमरीक सिंह उर्फ विक्की पुत्रगण जोगेंद्र सिंह निवासी ग्राम चंपतपुर चकला ने गुरमीत के साथ मारपीट कर अधमरा कर दिया था।

पता चलने पर मेरे परिवार के लोगों ने जब विरोध किया तो उपरोक्त आरोपियों द्वारा मेरे साथ भी मारपीट की गई। मेरी पगड़ी उतारकर मेरे केश(बाल) भी उखाड़ कर जबरन सिख धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया। मेरे मना करने पर मेरे साथ भी गाली गलौज व मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।

पुलिस ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। प्रदर्शन करने वालो में जिला सह संयोजक, सौरभ काकरान, सुमित मण्डियाना, जोगेंद्र सिंह, दर्षित चौधरी सहित सिख समाज के मोहन सिंह, कुलदीप सिंह, सखवंत सिंह, मंगल सिंह, तीरथ सिंह, मनजीत सिंह रहे। थाना प्रभारी अनुज कुमार तोमर ने बताया कि महेंद्र सिंह की तहरीर पर सम्बंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर: ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दो भाइयों की मौत

संबंधित समाचार