मुरादाबाद: मजदूरी मांगने पर मालिक ने कुत्ते से कटवाया, बाद में पीटा
पीड़ित ने लगाई पुलिस से मदद की गुहार, मामले की जांच में जुटी सिविल लाइंस पुलिस
मुरादाबाद, अमृत विचार। दिन भर हाड़तोड़ मेहनत के बाद मजदूर ने जब मजदूरी की रकम मांगी, तो मालिक ने उसे अपने पालतू कुत्ते से कटा दिया। फिर भी मन नहीं भरा तो आरोपी ने मजदूर को बेरहमी से पीटा। मालिक की बेरहमी व संवेदनहीनता से सहमे पीड़ित ने सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस आरोपों की तह तक जाने में जुटी है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में आदर्श कालोनी का रहने वाला राजकुमार मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। राजकुमार के मुताबिक बुधवार को सुबह वह टिकली फैक्ट्री के पास एक व्यक्ति घर मजदूरी करने पहुंचा।
मालिक ने अपने घर व बगीचे की साफ-सफाई कराई। काम खत्म होने के बाद राजकुमार ने मजदूरी की मांग की। तब मालिक ने अपना पालतू कुत्ता राजकुमार के ऊपर छोड़ दिया। पालतू कुत्ते ने राजकुमार को दौड़ाकर काट लिया। कुत्ते के हमले से राजकुमार लहूलुहान हो गया। राजकुमार ने मालिक के बर्ताव का जब विरोध किया तो उसे बेरहमी से पीटा गया।
कुत्ते के हमले में घायल राजकुमार घर पहुंचा। उसकी दशा देश परिजन बदहवास हो गए। घायल मजदूर को आनन फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने घायल मजदूर को भर्ती कर लिया। परिजनों के मुताबिक उन्होंने पूरी घटना की जानकारी सिविल लाइंस पुलिस को दी है। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक सूचना के आधार पर घटना का पता लगाया जा रहा है। आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद : गोकशी में लिप्त दो इनामी अभियुक्तों को मूंढापांडे पुलिस ने दबोचा
