मुरादाबाद : अभी और बढ़ेगी ठंड, कोहरा भी सताएगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अधिकतम तापमान 20 डिग्री, कोहरे के बीच हेडलाइट जलाकर गुजरे वाहन, दो जनवरी तक कोहरा छाए रहने की संभवना, फिर चलेगी शीतलहर

मुरादाबाद,अमृत विचार। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में ठंड का सितम जारी है। गुरुवार को जिले में एक बार फिर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवा से लोग कांपते नजर आए। दोपहर में हल्की धूप खिली तो कुछ राहत मिली। लेकिन शाम को फिर ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, अभी दो जनवरी तक कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके बाद शीतलहर सताएगी। 

बुधवार देर शाम से गुरुवार 12 बजे के बाद तक कोहरे की चादर छाई रही। कोहरे के बीच चालकों को हैडलाइटें जलाकर धीमी गति से वाहन गुजारने पड़े। ठंड से बचाव को लोग जगह-जगह अलाव सेंकते नजर आए। हालांकि जिलाधिकारी के निर्देश के बाद भी अभी तक नगर निगम प्रशासन ने अलाव जलवाने की जगह नहीं बढ़ाई है। केवल 10 जगहों पर ही नगर निगम की ओर से अलाव जल रहे हैं। 

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आपदा विशेषज्ञ पंकज मिश्र ने बताया कि न्यूनतम तापमान पांच डिग्री और अधिकतम 20 डिग्री रहा। अभी कोहरा और ठंड बढ़ेगी। वाहन चलाते समय हेडलाइट, बैक लाइट जलाकर चलें। वाहनों पर रेडियम की पट्टी लगवाएं। जिससे कोहरे में उसकी चमक से वाहन दिख सके। गन्ना लदे ट्राली ट्रैक्टर, ट्रक से उचित दूरी बनाकर चलें। बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से विशेष रूप से बचाकर रखें। हीटर, ब्लोअर जलाएं लेकिन सावधानी बरतें। अनुमान है कि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर आठ डिग्री हो जाएगा, अधिकतम भी 21 डिग्री रहेगा। 

आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि जिले में 21 रैन बसेरे संचालित हैं। इसमें सभी इंतजाम करने के लिए संबंधित निकायों के अधिकारियों से कहा गया है। रैन बसेरे या शेल्टर होम के बारे में किसी जानकारी या शिकायत के लिए जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण के फोन नंबर 0591-2412728 और मोबाइल नंबर 9454416867 या टोल फ्री नंबर 1077 पर काल कर सकते हैं

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : नये साल के जश्न को तैयार बाजार पर कोराेना की मार का डर

संबंधित समाचार