UP Board Exam: अयोध्या मंडल में 598 Center पर होंगी परीक्षाएं, अमेठी में बने सबसे कम 91 परीक्षा केन्द्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित वर्ष 2023 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए इस बार  अयोध्या मण्डल के 5 जनपदों में 3 लाख 86 हजार 436 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 206313 और इण्टरमीडिएट के 180123 परीक्षार्थी शामिल हैं।

 मण्डल में 598 परीक्षा केन्द्र बनाये गए हैं जिसमें 48 राजकीय, 204 अशासकीय सहायता प्राप्त और 386 परीक्षा केन्द्र वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं। अयोध्या जनपद में सबसे अधिक 133 और अमेठी जनपद में सबसे कम 91 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। 

यूपी बोर्ड की ओर से निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर दावे व आपत्तियों का निस्तारण किये जाने के बाद जनपद अयोध्या में 133 परीक्षा केन्द्र फाइनल किये गये हैं। इसके पहले बोर्ड ने 10 राजकीय, 42 अशासकीय सहायता प्राप्त व 84 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय कुल 136 परीक्षा केन्द्र प्रस्तावित किये थे। 

दावे व आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद 3 राजकीय व 1 वित्तविहीन विहीन विद्यालय परीक्षा केन्द्र सूची से हटा दिये गये हैं। वहीं अशासकीय सहायता प्राप्त 1 विद्यालय और परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। इस तरह अयोध्या जिले में अब 7 राजकीय, 43 अशासकीय सहायता प्राप्त व 83 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केन्द्र बनाये गए हैं। 
   
अयोध्या मंडल के अयोध्या जनपद में 133, सुलतानपुर में 132, बाराबंकी में 123, अम्बेडकरनगर में 119 और अमेठी जिले में 91 परीक्षा केन्द्र बने हैं। 2023 की हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा के लिए अयोध्या जनपद में 83751, सुलतानपुर में 88024, बाराबंकी में 78938, अम्बेडकरनगर में 83971 व अमेठी में 51752 छात्र-छात्राएं व्यक्तिगत व संस्थागत के रूप में हाईस्कूल व इण्टर की परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। 

2022 के मुकाबले 2023 में बढ़े 47869 परीक्षार्थी
यूपी बोर्ड से संचालित वर्ष 2022 की हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा के मुकाबले 2023 में होने वाली हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा में अयोध्या मंडल में 20 फीसदी से अधिक परीक्षार्थियों में इजाफा हुआ है। 2022 में अयोध्या मण्डल में जहां 3 लाख 38 हजार 567 परीक्षार्थी हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट में पंजीकृत हुए थे। वहीं 2023 के लिए 3 लाख 86 हजार 438 छात्र-छात्राएं बढ़ गये हैं। इस तरह से विगत वर्ष की अपेक्षा इस बार 47879 परीक्षार्थी बढ़ गये हैं।

यह भी पढ़ें;-एबी डिविलियर्स ने कहा-IPL ने बदल दी हमारी जिंदगियां, SA20 League से दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट को होगा फायदा

संबंधित समाचार