बरेली: अब नहीं होगा रॉन्ग फूड का डर, इज्जतनगर बनेगा 'ईट राइट रेलवे स्टेशन'

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एफएसडीए व रेलवे के सहयोग से चलाया जाएगा कार्यक्रम

बरेली, अमृत विचार। रेलवे स्टेशनों पर मिलने वाले खानपान के सामान की गुणवत्ता को लेकर अक्सर यात्री फिक्रमंद रहते हैं। स्टेशन पर बिकने वाले जिस खाने का सेवन कर रहे हैं, कहीं वो हमारे स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव तो नहीं डालेगा इस बात की शंका भी मन में रहती है। इसी शंका को दूर करने के लिए अब भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर स्टेशन को ''ईट राइट स्टेशन'' बनाएगा। इस योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर बिकने वाली खानपान की वस्तुओं की गुणवत्ता न सिर्फ पहले से ज्यादा बेहतर होगी बल्कि खानपान तैयार करने वाले कर्मचारियों को ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- बरेली: 39 रोडवेज बसों की उम्र हुई पूरी, जल्द होंगी नीलाम

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण की ओर से ''ईट राइट स्टेशन'' सर्टिफिकेशन या प्रमाणन उन रेलवे स्टेशनों को प्रदान किया जाता है, जो यात्रियों को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन की सुविधा देने में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम का पालन करते हैं। रेलवे स्टेशन को 1 से 5 तक की रेटिंग वाली एफएसएसएआई पैनल की तृतीय-पक्ष ऑडिट एजेंसी के निष्कर्ष पर प्रमाण पत्र दिया जाता है। यह प्रमाणन ''ईट राइट इंडिया'' अभियान का हिस्सा है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही इसको लेकर इज्जतनगर स्टेशन का निरीक्षण रेलवे के संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ किया जाएगा। खानपान बनाने वाले स्टाफ को ट्रेनिंग भी दी जाएगी। जिसमें खाने की गुणवत्ता, साफ-सफाई, परोसने का तरीका, किसी प्रकार के बर्तन में परोसना है आदि का खास ख्याल रखा जाएगा। अगर किसी स्टाल या ट्राली संचालक के पास फूड लाइसेंस नहीं है तो उसके लिए लाइसेंसिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

यह हैं देश के ईट राइट रेलवे स्टेशन
''ईट राइट स्टेशन'' के तहत अब तक बड़े शहरों के स्टेशनों को ही शामिल किया गया था। जिसमें आनंद विहार टर्मिनल रेलवे स्टेशन (दिल्ली), छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (मुंबई), मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन, वडोदरा रेलवे स्टेशन, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन, भोपाल रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा ईट राइट इंडिया अभियान के तहत मंदिरों के भोग व प्रसाद को शामिल किया गया है। मंदिरों में प्रसाद बनाने वाले लोगों की बाकायदा ट्रेनिंग कराकर उनके रसोईघरों का सर्टिफिकेशन कराया गया है। बरेली में ईट राइट इंडिया के तहत फूड वेंडिंग जोन विकसित किया गया है।

इज्जतनगर स्टेशन बनेगा खानपान का केंद्र
इज्जतनगर स्टेशन पर आने वाले दिनों में खानपान का केंद्र बनने जा रहा है, क्योंकि यह स्टेशन देश के उन चुनिंदा स्टेशनों में शामिल है, जहां रेल कोच रेस्टोरेंट होंगे। इज्जतनगर स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट तैयार करने का काम तेजी से किया जा रहा है। रेल अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही रेल कोच रेस्टोरेंट की सुविधा लोगों को यहां मिलने लगेगी। स्टेशन क्षेत्र में दो रेल कोच को रेस्टोरेंट के रूप में तैयार किया जा रहा है। जहां तमाम व्यंजनों का स्वाद लोगों को मिलेगा। इसलिए भी इज्जतनगर को ईट राइट स्टेशन बनाने की कवायद की जा रही है।

इज्जतनगर स्टेशन का चयन ईट राइट स्टेशन के तहत किया गया है। यह योजना ईट राइट इंडिया अभियान का हिस्सा है। सर्टिफिकेशन जारी करने के साथ स्टेशन के स्टाफ को खाने की गुणवत्ता सुधारने व साफ सफाई की ट्रेनिंग दी जाएगी---धर्मराज मिश्र, सहायक आयुक्त द्वितीय, एफएसडीए।

यह भी पढ़ें- बरेली: अतिक्रमण की शिकायत पर दबंगों ने किया हमला, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार