बहराइच: नव वर्ष पर नहीं निकला सूरज, बरसता रहा कोहरा ...ठंड से कांपे लोग
अमृत विचार, बहराइच। नव वर्ष 2023 की पहली सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। रविवार होने के चलते लोग रजाई में दुबके रहे। कोहरा पानी की तरह बरसता दिखा। तराई का पारा लुढ़क कर फिर 7.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। अचानक तापमान में गिरावट होने से ठंड बढ़ी है, लोग कांपने को मजबूर हैं। घरों से निकलने वाले लोग अपने को गर्म कपड़ों में लपेटकर सर्दी से बचाने की जुगत करते दिखे।
वर्ष 2022 का अंतिम दिन शनिवार काफी खुशनुमा रहा। कल पूरे दिन चटख धूप निकलने से मौसम फागुनी लगने लगा था। लेकिन नव वर्ष 2023 की पहली सुबह ने तराईवासियों को कांपने पर मजबूर कर दिया। रात से ही चल रही बर्फीली पछुआ हवा ने मौसम के सख्त रुख का संकेत दे दिया था। रविवार सुबह शहर गांव और कस्बे घने कोहरे की चादर में लिपटे दिखे। दोपहर होने को आई है लेकिन धूप नहीं निकल सकी। कोहरा पानी की बूंदों की तरह बरस रहा है।
.jpg)
बर्फीली पछुआ हवा के बीच घने कोहरे के चलते जनपदवासी कांपने को मजबूर रहे। रविवार होने के कारण अधिकांश लोग तो घरों में ही कैद रहे। लेकिन नए वर्ष पर एक दूसरे से मिलने जुलने के लिए जो लोग निकले वह गर्म कपड़ों में लिपटकर ठंड से बचने की जुगत करते दिखे। मौसम के सख्त मिजाज के चलते बहराइच का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। फसल अनुसंधान केंद्र के मौसम विभाग के तकनीकी विशेषज्ञ का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज होगी। कृषि वैज्ञानिक टीपी शाही ने कहा कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते तराई के मौसम में अचानक बदलाव हुआ है।
यह भी पढ़ें:-OBC Reservation: मायावती ने सपा-भाजपा और कांग्रेस पर बोला हमला तो केंद्र सरकार को दी ये सलाह
