सुल्तानपुर: Happy New Year का हर तरफ जश्न, पार्कों में उमड़ी लोगों की भीड़
अमृत विचार, सुल्तानपुर। शनिवार को आधी रात से नए वर्ष 2023 का धमाल जो शुरू हुआ तो रविवार को दिनभर जारी रहा। फोन और व्हाट्सएप के जरिए नए साल की बधाई देने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। पार्कों व रेस्टोरेंट में लोगों की भारी भीड़ रही। कई होटल व रेस्टोरेंट में आधी रात के बाद शुरू हुई पार्टियां भोर तक चली। जिले में पड़ रही भीषड़ ठंड व शीतलहर पर भी लोगों का जोश भारी दिखा।
नए साल का स्वागत रात 12 बजे शुरू हो गया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से शहर गुंजायमान हो उठा। रात में ही लोग एक-दूसरे को बधाई देने लगे। घरों में युवाओं ने गाजे-बाजे के साथ मस्ती की। वहीं, रविवार को घरों में लोगों ने पकवान बनाए। नए साल के पहले दिन सूर्य भगवान तो दर्शन तो नहीं दिए, लेकिन रविवार होने के नाते लोगों की छुट्टी थी और बच्चों ने खूब लुत्फ उठाया।
.jpg)
दोपहर में लोग परिवार के साथ सिविल लाइन स्थित पर्यावरण पार्क, अमहट स्थित उद्यान पार्क में पहुंच गए। जहां पर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां, महिलाएं, बच्चों व बड़ों ने मस्ती की। सीताकुंड घाट, पर्यावरण पार्क व अलंकारिक उद्यान के बाहर चाट-समोसे, खिलौने और गुब्बारे की दुकानें सजी रही। बच्चों ने जहां खिलौने खरीदे वहीं बड़ों ने भी चाट का स्वाद चखा।
नौका विहार का लिया गया आनंद
गोमती नदी स्थित सीताकुंड घाट भी रविवार को सर्द मौसम में लोगों की आवाजाही बनी रही। नदी में लोगों ने नौका विहार का खूब आनंद लिया। नाविकों ने भी अपनी नावों को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया था। आलम यह रहा कि लोगों को नाव की सवारी करने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
मंगलकामना को मंदिरों में टेका माथा
नए वर्ष की मंगलकामना को लेकर लोगों ने मंदिरों में माथा टेका। हनुमानगढ़ी, नयना माता मंदिर, काली माता मंदिर के अलावा लोहरामऊ देवी धाम पर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूजन-अर्चन किया। वहीं, बाजारों में भी चहल-पहल रही। शाहगंज चौराहा, चौक, पारकींसगंज आदि मुहल्लों में फूलों व आकर्षक गिफ्ट की दुकानें सजी रहीं।
प्रधान ने मजदूरों के साथ साक्षा की नववर्ष की खुशियां
नूतन वर्ष के अवसर पर जहा ग्रामीण व शहरी इलाके में युवक व युवतियां नव वर्ष की पूर्व संध्या से ही एक दूसरे के साथ नए साल की खुशियां मना रहे है, वहीं जयसिंहपुर विकासखंड के बरुई के ग्राम प्रधान भगेलू निषाद गांव में मनरेगा के तहत तालाब की खुदाई का कार्य कर रहे 35 से 40 मजदूरों को नववर्ष के अवसर पर मिष्ठान खिलाकर सभी मजदूरों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए नववर्ष की खुशियां साझा की। इस अवसर पर विनोद कुमार कनौजिया, महादेव निषाद,पंचायत सहायक ललिता देवी, रीमा देवी, सुंदरी, शीतला निषाद, दिव्यांग बद्री प्रसाद समेत अन्य मजदूर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-आजमगढ़: 25 हजार का इनामी अपराधी गिरफ्तार
